Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड में सामूहिक दुष्कर्म का मामला: आरोपितों ने हिरासत से भागने की कोशिश की, पुलिस-पब्लिक ने दौड़ाकर पीटा

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 11:30 PM (GMT+05:30)

    सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपितों ने रुद्रपुर में पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस और जनता ने उन्हें पकड़ लिया। ...और पढ़ें

    रुद्रपुर में सामूहिक दुष्‍कर्म के आरोपितों को आक्रोशित भीड़ से बचाते पुलिस कर्मी। जागरण

    रुद्रपुर में सामूहिक दुष्‍कर्म के आरोपितों को आक्रोशित भीड़ से बचाते पुलिस कर्मी। जागरण

    HighLights

    1. सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया

    2. काशीपुर बाईपास पर वाहन खराब होने पर मिला मौका

    3. पुलिस और आक्रोशित भीड़ ने आरोपितों को पकड़कर पीटा

    जागरण संवाददाता, रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। भूरारानी रोड से युवती के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार दो आरोपितों ने मंगलवार को उस समय भागने का प्रयास किया जब पुलिस उन्हें घटनास्थल का निरीक्षण और साक्ष्य संकलन कर लौट रही थी।

    इस दौरान पुलिस टीम का वाहन काशीपुर बाईपास पर खराब हो गया। दूसरे वाहन में शिफ्ट करने के दौरान दोनों आरोपित भागले लगे तो पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर दबोच लिया।

    इस दौरान पुलिस ने जहां दोनों को खूब लठियाया, वहीं आक्रोशित भीड़ ने भी पिटाई कर दी। बाद में पुलिस आरोपितों को लेकर कोतवाली पहुंची और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

    शनिवार रात युवती अपनी सहेली और दो युवकों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उसका अपहरण कर गदरपुर थाना क्षेत्र में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया था।

    मामले में सोमवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया था। मुठभेड़ के दौरान आरोपित गुरबाज सिंह के पैर में गोली लगी थी।

    मंगलवार को पुलिस जोगा सिंह और रविंदर को घटनास्थल का निरीक्षण कराने और साक्ष्य संकलन के लिए लेकर गई थी।

    निरीक्षण के बाद पुलिस टीम जब वापस लौट रही थी तो काशीपुर बाईपास रोड पर पुलिस वाहन खराब हो गया। पुलिसकर्मी दोनों आरोपितों को दूसरे वाहन में बैठा रहे थे, तभी उन्होंने मौके का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया।

    आरोपितों को भागता देख पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर दोनों को दबोच लिया। जिसके बाद पुलिस ने काशीपुर बाइपास रोड पर उन्हें खूब लठियाया।

    इसी बीच आसपास मौजूद लोगों को पता चला कि सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित भागने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना फैलते ही भीड़ मौके पर जुट गई और आक्रोशित लोगों ने दोनों आरोपितों की पिटाई शुरू कर दी।

    पुलिस ने भीड़ से आरोपितों को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों का गुस्सा काफी देर तक शांत नहीं हुआ।

    सूचना मिलने पर कोतवाल प्रकाश दानू, एसएसआइ खुशवंत सिंह, एसआई प्रदीप कुमार, एसआइ प्रदीप पंत, एसआइ पंकज कुमार, एसआइ निर्मल सिंह समेत अन्य अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

    काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और कड़ी सुरक्षा के बीच कोतवाली ले गई। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

    दोनों और से हुई 10 राउंड फायरिंग

    भूरारानी रोड से युवती का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले तीनों आरोपितों की पुलिस से हुई मुठभेड़ के दौरान दस राउंड फायरिंग हुई।

    इसमें पांच फायर आरोपितों की ओर से की गई। मुठभेड़ में मुख्य आरोपित गुरबाज के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया और उसे जिला अस्पताल ले आए। जहां से उपचार के लिए हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया गया।

    खबरें और भी

    मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपितों के पास से तीन तमंचे और चार कारतूस व बाइक बरामद हुई है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पूछताछ में गुरबाज और उसके दोनों साथियों ने बताया कि 25 जुलाई की रात वह बाइक से डिबडिबा आए थे।

    वहां शराब पीने के बाद गदरपुर जा रहे थे। धर्मपुर फ्लाईओवर के पास दो युवक और युवती मिले। उसके बाद नशे में चारों को डरा धमकाकर अपने साथ ले गए थे।

    मुठभेड़ में घायल गुरबाज सिंह पर पंजीकृत है 19 प्राथमिकी

    एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल गुरबाज सिंह का आपराधिक इतिहास है। उस पर 19 प्राथमिकी पंजीकृत है।

    जिसमें रुद्रपुर में दो, गदरपुर में आठ, दिनेशपुर में तीन, बाजपुर में एक, नानकमत्ता में तीन और मिलक खानम रामपुर मं दो प्राथमिकी पंजीकृत है। जबकि उसके दोनों साथियों जोगा सिंह और रविंदर का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

    घटनास्थल निरीक्षण के बाद पुलिस टीम दोनों आरोपितों को लेकर कोतवाली आ रही थी। इस दौरान काशीपुर बाइपास रोड पर जाम लगा हुआ था। साथ ही पुलिस का वाहन भी खराब हो गई। इस पर जब दोनों को दूसरे वाहन में शिफ्ट करने का प्रयास किया तो वह भागने लगे। इस पर पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा कर दबोच लिया। आवश्यक बल प्रयोग कर उन्हें दूसरे वाहन में शिफ्ट कर कोतवाली लाया गया है।

    - अजय गणपति, एसएसपी, ऊधम सिंह नगर

    सामूहिक दुष्कर्म से जुड़ी घटनाक्रम

    • शनिवार रात नौ बजे के आसपास युवती सहेली और दो युवकों के साथ काशीपुर हाइवे स्थित फ्लाईओवर के पास गए थे।
    • रात 10 बजे के आसपास बाइक सवार तीन युवक आए और उन्हें धमकाया
    • रात 10:30 दस बजे के आसपास चारों को बाइक सवार युवकों ने अगवा किया
    • रात 10:45 बजे आरोपित के बाइक में पीछे बैठे युवक और युवती ने कूद लगाई
    • रात 11 बजे आरोपितों ने दूसरे युवक को भी रास्ते में छोड़ा और युवती को लेकर फरार हो गए
    • रात 11:30 बजे पुलिस के कंट्रोल रूम में सूचना दी गई
    • रात 11:45 बजे पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी
    • रविवार सुबह चार बजे के आसपास पुलिस ने मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास से युवती बरामद की
    • सुबह छह बजे पीड़िता का मेडिकल कराया
    • सोमवार रात 11:23 बजे के आसपास पुलिस और आरोपितों के बीच मुठभेड़
    • रात एक बजे घायल गुरबाज को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया
    • रात 1:30 बजे एसएसपी अजय गणपति ने अस्पताल पहुंचकर आरोपित से की पूछताछ
    • रात दो बजे के आसपास गुरबाज को उपचार के लिए हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया
    • मंगलवार दोपहर 12.15 बजे गिरफ्तार जोगा सिंह और रविंदर को घटनास्थल पर लेकर पहुंची पुलिस
    • दोपहर एक बजे काशीपुर बाइपास पर वापस लौटते समय पुलिस वाहन हुई खराब
    • दोपहर एक बजकर पांच मिनट में दूसरे वाहन में शिफ्ट कराने के दौरान भागे आरोपित
    • दोपहर 1:15 बजे लोगों ने आरोपितों को पकड़कर की धुनाई।

    यह भी पढ़ें- रुड़की का दुष्कर्म मामला: दोषी सुहैल उर्फ राणा को 21 साल की कठोर सजा

    यह भी पढ़ें- दुष्कर्म के दंश से उबरकर लिखी सफलता की इबारत, एक डॉक्टर और 4 बेटियां बनीं टीचर; अब पीड़ितों को दिखा रहीं राह