काशीपुर में बेखौफ चोरों का आतंक, दो मकानों में चोरी, सूबेदार के घर से नल की टोंटियां भी ले उड़े
काशीपुर के आदर्श नगर में चोरों ने एक रात में सूबेदार के बंद मकान सहित दो घरों को निशाना बनाया। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संस जागरण, काशीपुर। कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के आदर्श नगर में बेखौफ चोरों ने एक रात में दो मकानों को अपना निशाना बनाया। शातिर चोरों ने सेना के सूबेदार के बंद मकान से नल की टोंटियां तक उखाड़ लीं और आलमारी खंगाल डाली। घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर सौंप दी गई है।
जानकारी के अनुसार, आदर्श नगर निवासी सुबेदार शिवराज सिंह नेगी वर्तमान में लेह-लद्दाख में तैनात हैं। बच्चों की उच्च शिक्षा के कारण उनका परिवार बाहर रहता है। उन्होंने मकान का आधा हिस्सा किराए पर दिया हुआ है। बीती 08 सितंबर की रात किराएदार नाइट ड्यूटी पर गए हुए थे।
मकान खाली देख चोर दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और तीन दरवाजों के ताले तोड़कर अलमारी सहित पूरे घर को खंगाल दिया। जाते-जाते चोर बाथरूम और किचन की टोंटियां भी उखाड़ ले गए। मकान मालिक के बाहर होने के कारण चोरी हुए सामान के सटीक आकलन की जानकारी नहीं मिल सकी है।
यह भी पढ़ें- काशीपुर में अवैध रूप से चल रहे दो मदरसे सील, मचा हड़कंप
चोरों ने उसी लाइन में स्थित गुरदयाल सिंह के खाली मकान को भी निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, दरवाजे पर दो ताले लगे होने के कारण चोर केवल एक ही ताला तोड़ सके और पकड़े जाने के डर से काम अधूरा छोड़कर फरार हो गए।
घटना के संबंध में पुलिस चौकी कुंडेश्वरी को तहरीर सौंप दी गई है। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी मनोज धोनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिवार के आने के बाद ही चोरी हुए सामान का सटीक विवरण मिल पाएगा।
