काशीपुर में मोबाइल गेमिंग की लत ने ली 20 वर्षीय युवक की जान, घर में पंखे से लटका हुआ मिला
काशीपुर के कुंडेश्वरा गांव में 20 वर्षीय मनीष ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में मोबाइल गेमिंग की लत को आत्महत्या की संभावित वजह माना ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
काशीपुर में 20 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या
मोबाइल गेमिंग की लत बनी मौत की वजह
आत्महत्या से पहले युवक ने मोबाइल किया फॉर्मेट
संवाद सहयोगी, काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)। ग्राम कुंडेश्वरा रहने वाले 20 वर्षीय मनीष ने अपने ही घर के कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मोबाइल गेमिंग की लत को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।
घटना शनिवार शाम की है। मनीष अपनी मां के साथ घर पर था, जबकि उसके पिता रमेश काम पर गए हुए थे।
काफी देर तक मनीष कमरे से बाहर नहीं आया, तो मां उसे बुलाने के लिए कमरे में गई। कमरे का नजारा देख उनके होश उड़ गए।
मनीष का शव पंखे से लटका था। मां का शोर सुन पहुंचे पड़ोसियों ने शव को नीचे उतारकर घटना की सूचना पुलिस को दी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रविवार को शव को पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया।
कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी मनोज धोनी ने बताया कि मृतक युवक को मोबाइल फोन में गेम खेलने की लत थी। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि आत्महत्या से पहले मनीष ने अपना मोबाइल फार्मेट कर दिया था।
फोन से डेटा डिलीट किए जाने से मामला और भी पेचीदा हो गया है। स्वजन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मनीष का स्वभाव अंतर्मुखी था।
वह परिवार या बाहर किसी से भी ज्यादा बातचीत नहीं करता था और उसका ज्यादातर समय अकेले बीतता था। उसने कक्षा आठ तक पढ़ाई की थी। बाद में पिता का हाथ बंटाने के लिए ट्रक चलाता था। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।