उत्तराखंड के खटीमा में शिक्षिका की स्कूटी से टकराया हाथी, टूट गए गजराज के दांत
खटीमा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कूटी सवार शिक्षिका निकिता कापड़ी अचानक सड़क पार कर रहे एक टस्कर हाथी से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हाथी के दां ...और पढ़ें

खटीमा के चकरपुर-बनबसा के बीच हुई घटना में क्षतिग्रस्त स्कूटी व टस्कर का टूटा दांत का हिस्सा। जागरण
HighLights
शिक्षिका स्कूटी पर हाथी से टकराकर घायल हुई
टक्कर से हाथी के दांत टूटकर गिर गए
वन विभाग ने हाथी की निगरानी हेतु कैमरे लगाए
जागरण संवाददाता, खटीमा। चकरपुर-बनबसा के बीच जंगल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक सड़क पार कर रहे टस्कर हाथी से स्कूटी सवार शिक्षिका टकरा गई। जिससे शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्कूटी में दांत फंसने की वजह से हाथी के दांत का अलग-अलग दो-तीन हिस्से में टूट कर गिर गया। पीछे से आ रहे राहगीरों के शोर करने पर हाथी जंगल की ओर चला गया। चोटिल शिक्षिका को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वन विभाग ने दांतों को कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवा दिया है। साथ ही टस्कर की निगरानी के लिए जंगल में वासस्थल पर बने जल कुंड के आसपास दो ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं।
श्रीपुर बिचवा निवासी शिक्षिका निकिता कापड़ी पत्नी रोहित कापड़ी अपने मायके टनकपुर गई थी। वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। मंगलवार सुबह वह मायके टनकपुर से स्कूटी पर सवार होकर स्कूल आ रही थी।
इसी दौरान बनबसा-चकरपुर के मध्य घने जंगल में एक टस्कर हाथी अचानक राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गया, जिससे स्कूटी सवार शिक्षिका टकरा गई। स्कूटी के टकराने के बाद हाथ का एक दांत फंसकर टूट गया। जिससे स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई।
शिक्षिका ने घटना स्थल से भागकर जान बचाई। इसी बीच वहां से गुजर रहा राइंका गैंडाखाली व राइंका सूखीढांग का स्टाफ शिक्षिका शाइस्ता परवीन, रवि बगोटी, रेखा कन्याल, पीएम शाह, डा.आरबी यादव, विक्रम सिंह धामी, महेंद्र पाल सिंह ने शोर किया, जिस पर टस्कर जंगल की ओर चला गया।
शिक्षक स्टाफ ने घटना की जानकारी शिक्षिका के स्वजनों, चकरपुर पुलिस चौकी व वन विभाग को दी। सूचना पर चकरपुर पुलिस चौकी प्रभारी विकास कुमार पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
खबरें और भी
घायल शिक्षिका को एनएच की एंबुलेंस से नगर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है।
चिकित्सकों ने बताया कि महिला की हालत स्थिर है। चौकी प्रभारी कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और शिक्षिका की स्कूटी को सुरक्षा की दृष्टि से कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करवा दिया है।
वन क्षेत्राधिकारी हरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि स्कूटी की टक्कर से टस्कर के टूटे दांत को कब्जे में लेकर सुरक्षित रेंज कार्यालय में रखवा दिया है। घटना स्थल हाथी कारिडोर क्षेत्र है, जहां से आए दिन हाथियों के झुंड राष्ट्रीय राजमार्ग को पार करते हैं।
मंगलवार सुबह भी टस्कर के सड़क पार करते समय घटना हुई। घटना में टस्कर के भी घायल होने की आशंका को लेकर ही जंगल में वासस्थल पर बने जल कुंड के आसपास दो ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात्रि व दिन में आवागमन करने वाले दोपहिया एवं चाैपहिया वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
हाथी ने पचौरिया में ग्रामीण के मकान की दीवार तोड़ी
खटीमा। ग्राम पचौरिया नई बस्ती में सोमवार रात एक हाथी घुस आया। हाथी ने ग्रामीण पदम राम के कच्चे मकान की एक दीवार तोड़ दी। हाथी की आवाज सुनकर जागे पदम राम व परिवार के लोगों ने शोरगुल किया।
इस पर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए, जिन्होंने मशाल जलाकर व पटाखे फोड़कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। वहीं सूचना पर वन बीट अधिकारी हिमांशु पंत, वन वाचर रितेश राणा ने मौका मुआयना किया। उन्होंने ग्रामीणों से सावधान रहने की अपील की।