किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे ने खुद पर करवाया था हमला, पिता ने सरेआम मांगी माफी; फफक कर रो पड़े
उत्तराखंड के किच्छा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री तिलकराज बेहड़ ने बेटे सौरभ राज बेहड़ के खुद पर हमला कराने की बात स्वीकार की है। इस खुलासे के बाद वि ...और पढ़ें
HighLights
विधायक के बेटे सौरभ राज बेहड़ ने खुद पर हमला कराया
पिता विधायक तिलक राज बेहड़ ने सार्वजनिक माफी मांगी
पत्नी से अलगाव के चलते सहानुभूति पाने को रची साजिश
जागरण संवाददाता, ऊधमसिंह नगर। पार्षद सौरभ बेहड़ पर हुए हमले का गुरुवार को चौंकाने वाला पर्दाफाश हो गया। सौरभ राज बेहड़ ने खुद पर हमले की बात स्वीकार की है, यह हमला उन्होंने अपनी पत्नी से विवाद के चलते सहानुभूमि हासिल करने के लिए कराया था। इधर, किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने बेटे की करतूत पर शर्मिंदगी जताते हुए सभी से माफी मांगी और कहा है कि बेटे से उनका अब कोई नाता नहीं है, पुलिस चाहे तो उस पर कोई भी कार्रवाई कर सकती है।
रविवार की देरशाम किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के पार्षद बेटे सौरभ बेहड़ भाजपा पार्षद पति राधेश शर्मा से हुए विवाद मामले में चौकी में होने वाली समझौता वार्ता में शामिल होने के लिए आवास विकास चौकी जा रहे थे। इसी बीच बाइक सवार युवकों ने सौरभ की स्कूटी को लात मारकर गिरा दिया और मारपीट कर फरार हो गए। तभी से पुलिस पर हमलावरों को गिरफ्तार करने का दबाव बना हुआ था। किच्छा विधायक ने तो मंगलवार को आक्रोश सभा करके पुलिस को जल्द गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दे दिया था। पुलिस ने जब आरोपितों तक पहुंची तो हर कोई चौक गया।
पुलिस पर्दाफाश करने से पहले किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने पत्रकारों से बातचीत में स्वीकार किया कि उनके बेटे सौरभ राज बेहड़ ने ही खुद पर हमला कराया है। यह साजिश उसने पारिवारिक कारणों से रची। लेकिन जो भी किया वह शर्मनाक है। बात करने के दौरान किच्छा विधायक का गला रूंध आया और रो पड़े। उन्होंने कहा कि बेटे की करतूत से उनके व्यक्तिगत व स्पष्टवादी राजनीतिक जीवन में बड़ा झटका लगा है। बेटे पर हमले की बात सुन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस के अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया, जांच में मेहनत की।
भाजपा कांग्रेस समेत सभी दलों के शुभचिंतकों ने साथ दिया। लेकिन मेरे बेटे ने ऐसा कृत्य किया है यह उनको भी नहीं पता था, अगर उसने अपनी परेशानी मुझसे साझा की होती तो शायद मैं कुछ समाधान निकालता। किच्छा विधायक ने कहा कि सौरभ बेहड़ को उन्होंने उसकी शादी के बाद से ही अलग कर दिया था, वह अलग रह रहा है।
खबरें और भी
उसका जो भी मुझसे अधिकार बनता था, वह भी उन्होंने सौरभ को दे दिया है। उनकी हालत खराब होने पर सौरभ ने एक किडनी उन्हें दी थी, जिस कारण थोड़ा भावनात्मक जुड़ाव हो गया था। लेकिन इस घटना के बाद अब उससे मेरा कोई नाता नहीं रह गया है। मैं हमेशा के लिए उससे रिश्ते खत्म करता हूं। उन्होंने कहा कि पुलिस चाहे तो उसके अपराध पर उसे जो सजा बनती हो दे सकती है।
पत्नी से चल रहा था सौरभ का विवाद, प्रभावित करने के लिए रची साजिश
पकड़े गए साजिशकर्ता इंदर ने पुलिस को बताया कि वह सौरभ बेहड़ का दोस्त है। उसने शनिवार को अपने घर एलायंस कालोनी बुलाया और बताया कि पत्नी से उसकी 15 दिनों से बोलचाल नहीं है। लिहाजा मैं चाहता हूं अपने ऊपर हमला करा लूं, उसके बाद पत्नी खुद उससे मिलने और हालचाल लेने आएगी। मना करने पर सौरभ ने इंदर को कई कसम भी दीं। जिसके बाद इंदर इस घटनाक्रम को कराने के लिए तैयार हो गया।