रुद्रपुर में बारावफात जुलूस में भड़काऊ भाषण, मुफ्ती मुजीब पर केस दर्ज
रुद्रपुर में बारावफात जुलूस के दौरान कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में रामपुर के मुफ्ती मुजीब के खिलाफ प्राथमिकी ...और पढ़ें

सोशल मीडिया पर वीडियो हो रहा वायरल। जागरण
HighLights
रुद्रपुर में बारावफात जुलूस के दौरान भड़काऊ भाषण का आरोप।
रामपुर के मुफ्ती मुजीब के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। बुधवार को रुद्रपुर में निकाले गए बारावफात के जुलूस के दौरान कथित रूप से भड़काऊ भाषण देने के मामले में पुलिस ने रामपुर के दरियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कथित वीडियो में मुफ्ती मदरसों को बंद करने को लेकर चेतावनी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने धार्मिक जुलूस के दौरान भड़काऊ भाषण देने के आरोप में धारा 196(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कथित वीडियो में मुफ्ती मुजीब मदरसों को लेकर कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि इनके बारे में ज्यादा फैसला न किया जाए। उनका कहना है कि मदरसों में लोगों को तालीम दी जाती है और किसी पर जुल्म, ज्यादती या चोरी न करने की सीख दी जाती है। इसके बाद वह मदरसों को बंद करने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग
वीडियो में मुफ्ती ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग भी करते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि पहले ईदगाह के मैदान में बच्चे मैच खेलते थे और एक्सरसाइज करते थे। अब बच्चों के दिनभर पढ़ाई करने के बाद खेलने और व्यायाम करने के लिए कोई जगह नहीं बची है। इसी को लेकर उन्होंने ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग उठाई।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बच्चों के कफ सिरप पर शिकंजा, फैक्ट्री से मेडिकल स्टोर तक खंगाला जाएगा स्टॉक
वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि मुफ्ती मुजीब के विरुद्ध धारा 196(2) के तहत प्राथमिकी पंजीकृत की गई है। आरोपित खेड़ा स्थित एक मदरसे में पढ़ाता है। मामले की विवेचना एसआइ दीपक कौशिक को सौंपी गई है।
