रुद्रपुर भड़काऊ भाषण मामले में मुफ्ती मुजीब का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
रुद्रपुर में बारावफात जुलूस के दौरान भड़काऊ भाषण देने वाले मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशुल चौक पर मदरसों को बंद करने को लेकर भड़काऊ भाषण देने वाले मुफ्ती मुजीब को भले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हो, लेकिन अब पुलिस उसका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
इसके लिए खंगाले गए ऑनलाइन में अब तक उसका आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। इसे देखते हुए पुलिस अब उसका जिले के साथ ही यूपी के सीमावर्ती जिलों में उसका आफलाइन आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
शनिवार को भेजा जेल
बुधवार को रुद्रपुर में निकाले गए बारावफात के जुलूस के दौरान त्रिशुल चौक में एक सभा हुई थी। जिसके बाद गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर वहां हुई भाषण की एक वीडियो प्रसारित हुई थी। जिसमें रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब मदरसों को लेकर कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि इनके बारे में ज्यादा फैसला न किया जाए।
उनका कहना था कि मदरसों में लोगों को तालीम दी जाती है और किसी पर जुल्म, ज्यादती या चोरी न करने की सीख दी जाती है। इसके बाद वह मदरसों को बंद करने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो में मुफ्ती ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग भी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मुफ्ती मुजीब के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुफ्ती मुजीब करीब चार साल पहले रुद्रपुर आया था। यहां आने के बाद वह खेड़ा स्थित मदरसे में पढ़ाने लगा। अब जांच की जा रही है कि उसका आपराधिक इतिहास तो नहीं। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि अब तक हुई जांच में ऑनलाइन में उसके विरुद्ध कोई आपराधिक प्राथमिकी पंजीकृत नहीं मिली है। जिले के साथ ही मुरादबाद, बरेली, रामपुर समेत अन्य सीमावर्ती जिले में उसका आपराधिक इतिहास आफलाइन चेक किया जा रहा है।
