पंतनगर-जेवर उड़ान को लगा झटका, इंडिगो ने दूसरी सेवा 14 अक्टूबर तक रोकी
पंतनगर-जेवर उड़ान सेवा को पांच दिन बाद ही झटका लगा है, इंडिगो ने यात्रियों की कमी के कारण दूसरी उड़ान 6 जुलाई से 14 अक्टूबर 2026 तक अस्थायी रूप से बंद ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पंतनगर-जेवर की दूसरी उड़ान 14 अक्टूबर 2026 तक बंद
यात्रियों की अपेक्षित संख्या न मिलने के कारण इंडिगो का निर्णय
अब दोनों शहरों के बीच केवल एक उड़ान संचालित होगी
संवाद सूत्र, पंतनगर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई पंतनगर–जेवर उड़ान सेवा को शुरुआत के महज पांच दिन बाद ही बड़ा झटका लगा है।
अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिलने के कारण इंडिगो एयरलाइंस ने इस रूट की दूसरी उड़ान का संचालन 6 जुलाई से 14 अक्टूबर 2026 तक अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। इस दौरान दोनों शहरों के बीच केवल एक नियमित उड़ान ही संचालित होगी।
एक जुलाई से शुरू हुई इस सेवा को कुमाऊं के यात्रियों, उद्योगों और कारोबारियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा था।
इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली-एनसीआर और यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र तक तेज और सुविधाजनक हवाई संपर्क स्थापित हुआ। लेकिन शुरुआती दिनों में यात्रियों की संख्या उम्मीद से काफी कम रही।
अधिकांश उड़ानों में सीटें खाली रहने से एयरलाइन को आर्थिक रूप से नुकसान उठाना पड़ रहा था।
सूत्रों के अनुसार, कम बुकिंग और कम लोड फैक्टर को देखते हुए इंडिगो ने फिलहाल दोपहर की उड़ान को 14 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया है।
एयरलाइन का कहना है कि यदि इस अवधि में यात्रियों की संख्या बढ़ती है और पर्याप्त बुकिंग मिलने लगती है तो दूसरी उड़ान को निर्धारित समय से पहले भी दोबारा शुरू किया जा सकता है।
पंतनगर एयरपोर्ट निदेशक पवन कुमार ने बताया कि 6 जुलाई से 14 अक्टूबर तक लागू संशोधित शेड्यूल के तहत पंतनगर और जेवर के बीच केवल एक उड़ान संचालित होगी। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति और समय की पुष्टि अवश्य कर लें।