कट्टरपंथी सलाउद्दीन का खुलासा: लिया तेलंगाना के अबु जुबैर का नाम, करने वाले थे फिदायीन हमला
सलाउद्दीन के मोबाइल से खुलासा हुआ है कि तेलंगाना के अबु जुबैर के संपर्क में आने के बाद उसके अंतरराष्ट्रीय संबंध बने। ...और पढ़ें

एसटीएफ की गिरफ्त में सलाउद्दीन।
HighLights
सलाउद्दीन के अंतरराष्ट्रीय संपर्क अबु जुबैर के माध्यम से बने
अबु जुबैर ने सलाउद्दीन को धन और अन्य संपर्क दिए
सलाउद्दीन ने सोशल मीडिया पर युवाओं को जिहाद के लिए प्रेरित किया
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। मास्टर माइंड सलाउद्दीन का मोबाइल उसके सारे राज से पर्दाफाश कर रहा है। तेलंगाना के अबु जुबैर के संपर्क में आने के बाद ही सलाउद्दीन के अंतरराष्ट्रीय संपर्क बने थे। साइबर थाना टीम गहराई से जांच कर सलाउद्दीन के अनसुलझे राज की जानकारी जुटाने में लग गई है।
युवाओं का करता था ब्रेनवॉश
मंगलवार को एसटीएफ कुमाऊं की टीम ने गदरपुर मजरासीला निवासी सलाउद्दीन को युवाओं के ब्रेनवॉश कर उनको जिहाद व कुर्बानी की तरफ ले जाने के लिए प्रेरित करने के आरोप में पकड़ा था।
बुधवार को उसकी गिरफ्तारी के बाद देर रात्रि एसटीएफ ने उसके घर के पास ही एक खेत से असलहा बरामद किए थे। उसके मोबाइल की जांच में एसटीएफ के सामने चौकाने वाले खुलासे हुए।
सलाउद्दीन विभिन्न एप के माध्यम से इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर कई समूह संचालित कर रहा था। प्रारंभिक जांच में एसटीएफ को उसके मोबाइल पर चार समूह संचालित करने की जानकारी मिली है। जिसमें बीस के करीब लोग उसके साथ जुड़े है। कश्मीर में चल रहे कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके तेलंगाना के अबु जुबैर के संपर्क में आने के बाद उसकी सोच को पंख लग गए थे।
अबु जुबैर ने उसके कार्य में सहयोग करने के लिए रुपये भी उपलब्ध करवाए थे, यह जानकारी भी सामने आई है। एक अप्रैल को अबु जुबैर ने उससे गदरपुर आकर मुलाकात की थी। इस दौरान उसने सलाउद्दीन की मुलाकात स्वार रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी व्यक्ति से करवाई थी। उसी के माध्यम से सलाउद्दीन मलेशिया के हैंडलर के संपर्क में आया था।
समूह के माध्यम से जुड़े युवा रडार पर
इंटरनेट मीडिया समूह के माध्यम से बीस से अधिक युवा सलाउद्दीन से जुड़े हुए थे। वह किस हद तक सलाउद्दीन के साथ जुड़ मानसिक रूप से जिहाद व कुर्बानी की दिशा में प्रेरित हो चुके थे। इसकी तह तक पहुंचना जांच एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती साबित होगी।
खबरें और भी
आठ अप्रैल से 15 मई के बीच बनाए चार नए समूह
सलाउद्दीन की ओर से डिलीट की गई चैट को वापस निकालने का प्रयास साइबर थाना टीम कर रही है। बताया जा रहा है कि तेलंगाना के अबु जुबैर के गदरपुर आने के बाद सलाउद्दीन ने आठ अप्रैल से 15 मई के बीच चार नए इंटरनेट मीडिया के समूह बनाए थे। जिसमें कुर्बानी व जिहाद से जुड़ी चैट सामने आई है।