सरकारी नौकरी के बाद किया मतांतरण, उत्तराखंड में ऐसा करने वाले कर्मचारियों की अब होगी पहचान
ऊधम सिंह नगर प्रशासन को सूचना मिली है कि कुछ सरकारी कर्मचारियों ने नौकरी मिलने के बाद मतांतरण किया है। अपर जिलाधिकारी ने सभी तहसीलदारों को ऐसे कार्मिक ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर । ऊधम सिंह नगर में मतांतरण का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है, राजन से राजन मसीह बनने का मामला थमा नहीं कि अब प्रशासन को सूचना मिली है कि कुछ सरकारी कार्मिक ऐसे हैं जिन्होंने नौकरी पाने के बाद मतांतरण किया है।
इस सूचना से प्रशासन अलर्ट हो गया है, अपर जिलाधिकारी ने तत्काल सभी तहसीलदारों को पत्र जारी कर कहा है कि ऐसे कर्मियों को चिन्हित किया जाए जिन्होंने मतांतरण नौकरी मिलने के बाद किया हो। साथ ही इसकी सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
मतांतरण के कई मामले
ऊधम सिंह नगर जिले में पिछले तीन माह में नानकमत्ता और गदरपुर क्षेत्र में मतांतरण के कई मामले सामने आए। नानकमत्ता क्षेत्र के कुछ गांव में कई घरों में प्रार्थना सभाएं होने की सूचना मिली थीं। उसके बाद गदरपुर क्षेत्र में भी कई मामले सामने आ गए।
सबसे चर्चित मामला चकरपुर गांव का रहा, जहां प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक ने युवती के सामने पहले मतांतरण की शर्त रखी। लड़की ने मतांतरण करने के बाद शादी की। इसके बाद युवक ने युवती के स्वजन को भी मतांतरण करने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर उनकी बेटी को तलाक देने की धमकी दी। यहीं नहीं युवक ने युवती की पिटाई भी की। जिसके बाद मामला पुलिस में पहुंचा और मतांतरण का पूरा खेल खुलकर सामने आ गया।
खबरें और भी
गदरपुर में ही राजन नाम के युवक ने अपना नाम राजन मसीह कर लिया। प्रशासनिक जांच में पता चला कि संबंधित व्यक्ति अनुसूचित जाति का है और आरक्षण का लाभ ले रहा है। प्रशासन ने सुनवाई का मौका दिया, जिसमें उसने ईसाई धर्म को मानने की बात स्पष्ट कर दी। जांच के बाद मतांतरण की पुष्टि होने पर प्रशासन ने राजन को मिलने वाले आरक्षण का लाभ रद कर दिया।
अब प्रशासन को गोपनीय सूचना मिली है कि कुछ सरकारी कार्मिक भी ऐसे हैं, जिन्होंने नौकरी पाने के बाद मतांतरण किया है। इस सूचना पर प्रशासन ने तत्काल खोजबीन तेज कर दी है। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि सभी तहसीलदारों को पत्र जारी किए गए हैं कि ऐसे कार्मिकों की खोजबीन की जाए जिन्होंने पहले नौकरी पाई और उसके बाद मतांतरण किया है। एडीएम ने कहा कि सूचनाओं की जांच कराई जा रही है।
अगर किसी सरकारी कार्मिक ने नौकरी पाने के बाद मतांतरण किया होगा तो विधि सम्मत उसकी जांच होगी। तहसीलदारों को पत्र जारी कर दिया गया है। पुष्टि होने पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। -पंकज उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी, ऊधम सिंह नगर
यह भी पढ़ें- नेपाल से आकर बिहार में करा रहे थे मतांतरण, सुपौल में 4 विदेशी गिरफ्तार