उत्तरकाशी: घर में LPG गैस सिलिंडर पहुंचा नहीं, फोन पर आ गया डिलीवरी का मैसेज
उत्तरकाशी के ज्ञानसू में इंडेन गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी एलपीजी सिलिंडर नहीं मिल रहे, जबकि उन्हें डिलीवरी के मैसेज आ रहे हैं। र ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। बुकिंग के बाद एलपीजी सिलिंडर तो नहीं मिला, लेकिन डिलिवरी का मैसेज आ गया।
ज्ञानसू स्थित इंडेन गैस एजेंसी से जुड़े कुछ उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत की है। उन्होंने एजेंसी व पूर्ति विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
जिला मुख्यालय के ज्ञानसू निवासी रजनी भट्ट ने बताया कि उन्होंने 17 मार्च को इंडेन गैस सिलिंडर के लिए आनलाइन बुकिंग करवाई थी।
वह सिलिंडर के लिए जद्दोजहद कर ही रही थी कि पांच से छह दिन बाद सिलिंडर डिलिवरी का मैसेज आ गया। उनके पति ने इस गड़बड़ी को लेकर एजेंसी कार्यालय में भी जाकर शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन इसका समाधान नहीं हो पाया है।
ज्ञानसू के जय देव नौटियाल ने बताया कि उन्होंने 15 मार्च को गैस सिलिंडर के लिए आनलाइन बुकिंग करवाई थी। लेकिन सिलिंडर मिलता, इससे पहले 29 मार्च को उन्हें सिलिंडर डिलिवरी का मैसेज आ गया, जबकि उन्हें अब तक सिलिंडर नहीं मिल पाया है।
इधर, एजेंसी की प्रबंधक रेणुका उनियाल का कहना है कि यह लंबे समय तक डिलिवरी न होने पर इस तरह का मैसेज आ जाता है।
इससे उपभोक्ताओं को घबराने व चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्हें पुरानी बुकिंग के आधार पर ही सिलिंडर वितरित कर दिया जाएगा।
इंडेन गैस एजेंसी ज्ञानसू के लाट पर लगी रोक
ज्ञानसू स्थित इंडेन गैस एजेंसी के लाट आने पर रोक लग गई है। एजेंसी के नियमों का अनुपालन किए बगैर बिना बुकिंग भी उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर वितरित करने पर इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) ने एजेंसी के लाट पर रोक लगा दी है।
इस कारण यहां दो दिनों से एलपीजी गैस लेकर कोई ट्रक नहीं पहुंचा है। जल्द लाट नहीं आए तो गैस वितरण बाधित होना तय है।
यहां 11 मार्च से एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति चरमराई हुई है, जिस पर गैस एजेंसियों से नियमों का सख्ती से अनुपालन करते हुए बुकिंग पर ही गैस वितरण के सख्त निर्देश दिए गए थे। लेकिन एजेंसी ने कतार में खड़े होने वाले बिना बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को भी गैस सिलिंडर वितरित किया।
खबरें और भी
इसका असर ये हुआ है कि यहां एजेंसी का स्टाक माइनस नहीं हो पाया। एजेंसी ने मार्च माह में आपूर्ति चरमराने के बाद करीब चार से पांच हजार सिलिंडर वितरित किए हैं। इनमें से आधे से भी ज्यादा बिना बुकिंग वालों को दिए गए।
इस कारण अब एजेंसी को नए लाट नहीं मिल पा रहे हैं। एजेंसी की प्रबंधक रेणुका उनियाल ने बताया कि प्रति माह उन्हें 40 लाट मिलते थे।
मार्च माह में मात्र 29 मिले। इस माह अब तक मात्र तीन लाट ही आए हैं। जल्द लाट नहीं मिले तो गैस वितरण प्रभावित होगा। बताया कि इससे जिन उपभोक्ताओं को टोकन दिया गया है, उन्हें भी गैस उपलब्ध कराने में परेशानी आ सकती है।