यमुनोत्री धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक दिन में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है, जहाँ रविवार को एक ही दिन में 15,030 यात्रियों ने दर्शन किए। ...और पढ़ें

यमुनोत्री के पैदल मार्ग पर भजन-कीर्तन व नृत्य कर यात्रा का आनंद लेते यात्री। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, बड़कोट (उत्तरकाशी)। चारधाम यात्रा उत्कर्ष की ओर बढ़ रही है। अब तक पांच लाख से अधिक यात्री सिर्फ गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में ही दर्शन कर चुके हैं। जबकि, चारों धाम में यह संख्या 15.63 लाख पहुंच गई है।
रविवार को 15,030 यात्रियों ने यमुनोत्री धाम में दर्शन किए, जो कि यमुनोत्री यात्रा के इतिहास में एक दिन में दर्शन करने वालों की सबसे बड़ी संख्या है।
कपाट खुलने के बाद से अब 2.62 लाख से अधिक यात्री यमुनोत्री धाम पहुंचे हैं यानी 10 हजार से अधिक यात्री रोजाना मां यमुना के दर्शन कर रहे हैं।
केदारनाथ धाम के बाद यमुनोत्री धाम की यात्रा सबसे दुरुह मानी जाती है। जानकीचट्टी से धाम तक का पूरा पैदल मार्ग खड़ी चढ़ाई वाला है, बावजूद इसके धाम में यात्रियों का सैलाब उमड़ रहा है।
यमुनोत्री मंदिर समिति के सह सचिव गौरव उनियाल ने बताया कि इस वर्ष यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है।
मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन ने भी यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की हैं। रविवार को यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर के पास मध्य प्रदेश और राजस्थान से आए यात्री भजन-कीर्तन और नृत्य करते नजर आए।
हालांकि, बढ़ती भीड़ के बीच जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर घोड़ा-खच्चर व डंडी-कंडी संचालन को लेकर कुछ यात्रियों ने अव्यवस्था की शिकायत भी की है।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम में उमड़ रही आस्था, 26 दिन में 6.35 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन
यह भी पढ़ें- बदरीनाथ-केदारनाथ धाम में अब आसान होंगे दर्शन, 70 वर्ष से अधिक आयु वालों व दिव्यांग श्रद्धालुओं को प्राथमिकता