Budget 2023 वित्त वर्ष 2023-24 का बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से एक फरवरी को पेश किया जाना है। आज हम इससे जुड़ी कुछ अहम बातों के बारे में जानेंगे।
इस बार का बजट काफी खास होने वाला है, क्योंकि यह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट होना वाला है। ऐसे में सभी वर्गों के लिए इस बजट में कुछ न कुछ होने की संभावना है।
केंद्रीय बजट एक निश्चित अवधि में सरकार के राजस्व और खर्च का ब्यौरा होता है। आसान भाषा में कहें तो यह सरकार का एनुअल फाइनेंशियल स्टेटमेंट होता है, जिसमें अगले वित्त वर्ष की सरकारी योजनाओं रोडमैप होगा।
वित्त मंत्रालय नीति आयोग के साथ मिलकर केंद्रीय बजट तैयार करता है। इसे बनने में सरकार के अन्य मंत्रालयों की अहम भूमिका होती है। देश के आर्थिक मामलों के विभाग का बजट डिवीजन इसके लिए जिम्मेदार है।
आमतौर पर बजट की तैयारी अगस्त-सितंबर में शुरू होती है। बातचीत, समीक्षा और संशोधन के बाद अंतिम बजट, वित्त विधेयक के साथ वित्त मंत्री द्वारा संसद में चर्चा और पास करने के लिए प्रस्तुत किया जाता है।
सबसे पहले मंत्रालयों से उनकी योजनाओं के बारे में जानकारियां ली जाती हैं। इसके साथ केंद्रीय वित्त मंत्री की राज्य और उद्योगों के साथ प्री- बजट बैठक होती है। इसके बाद बजट में राशि का आवंटन किया जाता है।