बंगाल चुनावः पोस्टर फाड़ राजनीति से बढ़ा चुनावी तनाव, भाजपा-एआईएमआईएम ने टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप
West Bengal Election 2026: आसनसोल में चुनावी सरगर्मी के बीच भाजपा और एआईएमआईएम प्रत्याशियों के पोस्टर फाड़े जाने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। एआईएमआ ...और पढ़ें

फाड़े गए पोस्टर को दिखातीं भाजपा प्रत्याशी अग्निमिश्रा पाल। (फोटो जागरण)
HighLights
आसनसोल में भाजपा, एआईएमआईएम प्रत्याशियों के पोस्टर फाड़े गए।
असदुद्दीन ओवैसी के बंगाल दौरे से पहले बढ़ा चुनावी तनाव।
भाजपा, एआईएमआईएम ने टीएमसी पर साजिश का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, आसनसोल। Bengal Chunav पश्चिम बंगाल चुनाव-2026 में इस बार चुनावी सरगर्मी के बीच पोस्टर फाड़ राजनीति ने माहौल गरमा दिया है। राज्य में पहले से ही चुनावी हिंसा की पृष्ठभूमि रही है, जहां सत्ताधारी दलों पर अक्सर विपक्ष के प्रचार में बाधा डालने के आरोप लगते रहे हैं। यही प्रवृत्ति अब एक बार फिर देखने को मिल रही है।
आसनसोल में भाजपा और एआइएमआइएम प्रत्याशियों के पोस्टर फाड़े जाने की घटनाओं से राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। खासकर एआइएमआइएम प्रमुख व हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के प्रस्तावित बंगाल दौरे से पहले इस तरह की घटनाओं ने सियासी पारा चढ़ा दिया है।
ओवैसी 12 अप्रैल की देर रात दुर्गापुर पहुंचेंगे और 13 से 15 अप्रैल तक आसनसोल सहित राज्य के विभिन्न जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। आसनसोल में उनकी सभाएं मुर्गाशाल स्थित ईदगाह मैदान, बालबोधन स्कूल के चांदमारी मैदान और अड्डा के इस्तेमा मैदान में प्रस्तावित हैं।
इधर, आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 के अलीनगर और वार्ड 24 के कुरैशी मोहल्ला में एआइएमआइएम के पोस्टर और बैनर फाड़े जाने से स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ गई है। पार्टी प्रत्याशी दानिश अजीज ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि उनकी पार्टी को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि अन्य दलों के पोस्टर सुरक्षित हैं।
खबरें और भी
वहीं, आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई है। नगर निगम के वार्ड 96 के आमबगान इलाके में भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल का पोस्टर फाड़े जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।
सूचना मिलते ही अग्निमित्रा पाल मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर तृणमूल कांग्रेस इस तरह की हरकतों को बढ़ावा दे रही है।
हालांकि, इन आरोपों को खारिज करते हुए तृणमूल कांग्रेस के आसनसोल दक्षिण टाउन ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णेंदु चौधरी ने कहा कि उनकी पार्टी इस तरह की घटनाओं का समर्थन नहीं करती। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को सलाह दी कि केवल आरोप लगाने के बजाय मामले में एफआइआर दर्ज कराएं।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने चुनावी माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया है, जिससे प्रशासन के सामने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की चुनौती बढ़ गई है।