बंगाल में 107 साल बाद टूटी परंपरा, रेड रोड की बजाय पहली बार ब्रिगेड मैदान में हुई बकरीद की मुख्य नमाज
कोलकाता में 108 साल पुरानी बकरीद की सामूहिक नमाज की परंपरा टूट गई, इस बार नमाज रेड रोड की बजाय ब्रिगेड परेड मैदान में अदा की गई। राज्य सरकार द्वारा सड ...और पढ़ें
-1779984503647_m.webp)
रेड रोड की बजाय पहली बार ब्रिगेड मैदान में हुई बकरीद की नमाज (फाइल फोटो)
HighLights
108 साल बाद रेड रोड की परंपरा टूटी।
बकरीद की नमाज ब्रिगेड परेड मैदान में हुई।
सड़कों पर नमाज पर प्रतिबंध के कारण बदलाव।
राजीव कुमार झा, कोलकाता। बकरीद पर बंगाल की राजधानी कोलकाता में 108 वर्षों से चली आ रही एक परंपरा इस बार टूट गई। साल 1919 के बाद पहली बार ईद-उल-अजहा (बकरीद) की सबसे बड़ी सामूहिक नमाज कोलकाता के रेड रोड की बजाय ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में अदा की गई।
राज्य में नवगठित भाजपा सरकार द्वारा सड़कों पर नमाज पढ़ने पर हाल में प्रतिबंध लगाए जाने के बाद यह बदलाव किया गया। गुरुवार को पहली बार विशाल ब्रिगेड मैदान में आयोजित मुख्य नमाज में कोलकाता समेत विभिन्न जिलों से मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग शामिल हुए।
1919 में हुई थी शुरुआत
मालूम हो कि वर्ष 1919 में जलभराव की समस्या के कारण ईद की नमाज को कोलकाता के शहीद मीनार मैदान से रेड रोड स्थानांतरित किया गया था। तब से सेना की अनुमति से हर साल रेड रोड पर ही बकरीद और ईद की सबसे बड़ी सामूहिक नमाज आयोजित होती रही।
यह आयोजन बंगाल ही नहीं, बल्कि पूर्वी भारत की सबसे बड़ी धार्मिक सभाओं में माना जाता है, जहां हर वर्ष मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग जुटते रहे हैं। राज्य सरकार के नए निर्देशों के तहत इस बार सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं दी गई।
खबरें और भी
इसके बाद सेना की अनुमति और राज्य सरकार के प्रशासनिक समन्वय से रेड रोड के निकट स्थित विशाल ब्रिगेड परेड मैदान को वैकल्पिक स्थान के रूप में नमाज के लिए उपलब्ध कराया गया। नमाज के दौरान सड़क यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, पूरे राज्य में बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कहीं भी सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी गई। जरूरत के अनुसार कई मस्जिदों में दो बार नमाज आयोजित की गई। नियम- कायदे को इस बार बखूबी माना गया। मुस्लिम समुदाय ने अच्छा संदेश दिया और बड़ी संख्या में ब्रिगेड मैदान में नमाज के लिए जुटे लोगों ने इस व्यवस्था पर खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम को लेकर कोलकाता पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
सड़क अवरुद्ध नहीं होने से आम लोगों ने भी ली राहत की सांस
प्रशासन ने कहा कि सरकारी निर्देशों का अक्षरश: पालन हुआ और आम लोगों ने भी पहली बार बिना रोड ब्लाक के नमाज संपन्न होने पर राहत की सांस ली और संतोष जताया। नमाज के मुख्य आयोजक कलकत्ता खिलाफत कमेटी के अध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस के विधायक जावेद अहमद खान ने भी कहा कि हम खुश हैं।
उन्होंने कहा कि ब्रिगेड मैदान अधिक विशाल होने के कारण नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। रेड रोड पर अधिक भीड़ होने से कई बार जगह कम पड़ जाती थी, जबकि ब्रिगेड मैदान में लोगों को पर्याप्त स्थान मिला। उन्होंने नमाज में शामिल होने वाले लोगों से अधिकृत पार्किंग का उपयोग करने और सड़कों पर वाहन खड़ा न करने की पहले ही अपील भी की थी।