Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ​​​​​भड़काऊ भाषण देने के मामले में CID ने अभिषेक बनर्जी  से की साढ़े छह घंटे पूछताछ

    Updated: Tue, 16 Jun 2026 11:55 PM (IST)

    विधानसभा चुनाव के दौरान भड़काऊ भाषण देने के मामले में सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी से कोलकाता में साढ़े छह घंटे पूछताछ की। ...और पढ़ें

    तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी

    तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी

    HighLights

    1. भड़काऊ भाषण मामले में सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की

    2. बिधाननगर साइबर क्राइम थाने में दर्ज एफआईआर पर कार्रवाई

    3. चार दिनों में जांच एजेंसियों ने 31.5 घंटे पूछताछ की

    राज्य ब्यूरो, कोलकाता। विधानसभा चुनाव के दौरान भड़काऊ भाषण देने के मामले में सीआईडी ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से कोलकाता स्थित भवानी भवन में साढ़े छह घंटे पूछताछ की। पिछले महीने कोलकाता से सटे बिधाननगर साइबर क्राइम थाने में भड़काऊ भाषण को लेकर अभिषेक के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई थी।

    शिकायतकर्ता के अनुसार, अभिषेक बनर्जी ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि मतदान के बाद डीजे बजाया जाएगा। डीजे इतना तेज बजेगा कि कान के पर्दे फट जाएंगे। इतना ही नहीं भाषण के दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया था।

    सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की

    सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान अभिषेक सीआइडी अधिकारियों के अनेक सवालों को टाल गए। कई सवालों के जवाब से अधिकारी संतुष्ट नहीं हुए। अधिकारियों का कहना है कि अभिषेक ने जिन सवालों के जवाब दिए हैं, उनका सत्यापन किया जाएगा तथा तदनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी

    यह लगातार तीसरा दिन रहा जब किसी जांच एजेंसी ने अभिषेक से किसी मामले में पूछताछ की है। सोमवार को शिक्षक भर्ती घोटाले में ईडी के अधिकारियों ने उनसे 11 घंटे तक पूछताछ की थी।

    इससे पहले, रविवार को विधानसभा में तृणमूल विधायकों के जाली हस्ताक्षर मामले में सीआइडी अधिकारियों ने उनसे साढ़े आठ घंटे तक पूछताछ की थी। इसी मामले में गत बुधवार को उनसे साढ़े पांच घंटे पूछताछ हुई थी। इस प्रकार चार दिनों में जांच एजेंसियों ने अभिषेक से कुल साढ़े 31 घंटे पूछताछ की है।

    खबरें और भी

    अभिषेक के आवास की हुई माप-जोख

    कोलकाता नगर निगम के कर्मियों ने मंगलवार को अभिषेक के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंचकर माप-जोख की।

    यह कार्रवाई यह जांचने के लिए की गई कि भवन का निर्माण स्वीकृत नक्शे और निगम के भवन निर्माण नियमों के अनुरूप हुआ है या नहीं तथा कहीं फुटपाथ या सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण तो नहीं किया गया है।

    निगम कर्मियों ने भवन की सीमा, फुटपाथ से दूरी, मुख्य प्रवेश द्वार और आसपास के हिस्से का मुआयना कर स्वीकृत नक्शे से उसका मिलान किया।

    अभिषेक को मुलाकात का दिया था समय

    तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि शिक्षक भर्ती मामले में ईडी की पूछताछ के दौरान सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने टीएमसी संसदीय दल के नेता अभिषेक बनर्जी को मुलाकात का समय दिया था।

    पार्टी के अनुसार, स्पीकर कार्यालय से ई-मेल और फोन के माध्यम से यह सूचना भेजी गई, लेकिन उस समय अभिषेक ईडी की पूछताछ में व्यस्त होने के कारण जवाब नहीं दे सके। टीएमसी नेताओं ने बाद में स्पीकर कार्यालय को इसकी जानकारी दी।

    उल्लेखनीय है कि हाल ही में टीएमसी के कुछ सांसदों के बागी होने के बाद अभिषेक ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर किसी अलग गुट को मान्यता नहीं देने का अनुरोध किया था।