Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बंगाल में सुवेंदु सरकार के कड़े फैसले: सड़कों पर नमाज और धार्मिक सभाओं पर लगाई पाबंदियां

    Updated: Tue, 12 May 2026 11:15 PM (IST)

    बंगाल की नई भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में धार्मिक स्थलों के बाहर लाउडस्पीकर और सड़कों पर नमाज/धार्मिक सभाओं पर पाबंदी सहित ...और पढ़ें

    सुवेंदु सरकार के कड़े फैसले (फोटो-पीटीआई)

    सुवेंदु सरकार के कड़े फैसले (फोटो-पीटीआई)

    HighLights

    1. धार्मिक स्थलों के बाहर लाउडस्पीकर पर रोक।

    2. सड़कों पर नमाज व धार्मिक सभाओं पर पाबंदी।

    3. 2021 चुनाव हिंसा मामलों की फिर से जांच।

    राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की पहली भाजपा सरकार तेजी से एक के बाद एक फैसले ले रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपनी सरकार के पहले ही कार्यदिवस पर सोमवार को करीब एक दर्जन निर्देश जारी किए, जिनमें धार्मिक स्थलों के बाहर लाउडस्पीकर की तेज आवाज पर रोक से लेकर विशेष अवसरों पर सड़कों को जाम करके या आम लोगों को तकलीफ पहुंचाकर की जाने वाली नमाज या धार्मिक सभाओं पर पाबंदियां शामिल हैं।

    सुवेंदु ने राज्य सचिवालय नवान्न में शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में इस पर रोक के आदेश दिए। एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि नए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कानून को सब पर समान रूप से लागू करने को कहा- जिसमें यह सुनिश्चित करना भी शामिल है कि लाउडस्पीकर की आवाज धार्मिक स्थल से बाहर न जाए और सड़कों को जाम करके की जाने वाली नमाज या धार्मिक सभाओं पर रोक लगाई जाए।

    लाउडस्पीकर की तेज आवाज पर रोक

    भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक व बैरकपुर से पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने कहा कि राज्य में सड़कों पर अब नमाज पढ़ने की इजाजत नहीं होगी।

    राज्य सरकार ने इस बाबत निर्देश जारी कर दिए हैं। कहा कि जिन्हें नमाज पढ़ना है वे मस्जिद के भीतर पढ़ें। सर्व भारतीय प्राच्य अकादमी के प्रिंसिपल जयंत कुशारी ने कहा कि किसी भी धर्म का कोई भी धर्मग्रंथ लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को अनिवार्य नहीं बताता है।

    हिंसा के मामलों की नए सिरे से जांच

    चुनाव बाद हिंसा के मामलों की नए सिरे से जांच के आदेश सोमवार शाम राज्य सचिवालय में शीर्ष पुलिस अधिकारियों और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ प्रशासनिक बैठक में नए मुख्यमंत्री ने 2021 में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के 1,300 से ज्यादा मामलों की नए सिरे से जांच के आदेश भी दिए।

    खबरें और भी

    आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 2021 के चुनाव के बाद हुई हिंसा की उन शिकायतों को फिर से खोलना प्राथमिकता होनी चाहिए जिन्हें पुलिस में जीडी (जनरल डायरी) एंट्री के तौर पर दर्ज किया गया था। उन्होंने सांप्रदायिक हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिसमें गैर-जमानती मामले दर्ज करना भी शामिल हैं।

    अवैध हथियारों की जब्ती के भी निर्देश उन्होंने अवैध हथियारों व बमों की जब्ती के लिए भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सुवेंदु ने जबरन वसूली के मामलों की भी जांच और गिरफ्तारी के आदेश दिए।

    इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने आपराधिक इतिहास वाले सभी लोगों से सुरक्षा कवर वापस लेने के भी निर्देश दिए। दुष्कर्म, दुष्कर्म के प्रयास और छेड़छाड़ के मामलों की नए सिरे से जांच के भी निर्देश दिए।

    मवेशियों की तस्करी पर पूर्ण रोक और अवैध बूचड़खानों को बंद कराने के भी निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को यह निर्देश भी दिया कि उनके काफिले के आने-जाने के दौरान लोगों को कम से कम परेशानी हो और बेवजह हूटर न बजाएं।

    यह भी पढ़ें- चुनाव बाद हिंसा पर तृणमूल कांग्रेस पहुंची हाई कोर्ट, तत्काल सुनवाई की मांग