Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बंगाल: बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी, शुभेंदु सरकार हर महीने देगी 3,000 रुपये; 'युवा शक्ति' पोर्टल शुरू

    Updated: Tue, 26 May 2026 03:50 AM (IST)

    बंगाल सरकार ने बेरोजगार युवाओं के लिए 'युवा शक्ति' पोर्टल लॉन्च किया है, जिसके तहत नौकरी मिलने तक हर महीने 3,000 रुपये और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 1 ...और पढ़ें

    बंगाल में बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे 3,000 रुपये (यह तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।)

    बंगाल में बेरोजगार युवाओं को हर महीने मिलेंगे 3,000 रुपये (यह तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।)

    HighLights

    1. 'युवा शक्ति' पोर्टल लॉन्च, बेरोजगारों को मिलेगी वित्तीय सहायता

    2. : ​'युवा साथी' योजना को नए रूप में लाई सरकार, पात्रता जांच के बाद सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी राशि

    राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। राज्य की भाजपा सरकार ने युवाओं को आर्थिक संबल देने के उद्देश्य से अपनी महत्वाकांक्षी 'युवा शक्ति' योजना का आधिकारिक पोर्टल शुरू कर दिया है। इस नई योजना के तहत राज्य के बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी मिलने तक हर महीने 3,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

    इसके साथ ही, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को और मजबूत करने के लिए सरकार ने युवाओं को एकमुश्त 15,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि देने का भी वादा किया है।

    पुरानी योजना का हुआ कायाकल्प

    दरअसल, यह नई योजना पिछली सरकार के कार्यकाल में चल रही 'युवा साथी' योजना का ही एक उन्नत और अपडेटेड रूप है। वर्तमान में गूगल पर 'युवा साथी' सर्च करने पर जो आधिकारिक वेबसाइट खुल रही है, उस पर अब 'युवा शक्ति' योजना का नाम और विवरण दिखाई दे रहा है। इच्छुक आवेदक इस योजना से जुड़े अपडेट के लिए आधिकारिक पोर्टल (https://yubasathi.wb.gov.in/) पर जा सकते हैं।

    सत्यापन के बाद शुरू होगा भुगतान

    पोर्टल शुरू होने के बाद अब युवाओं के मन में यह सवाल है कि इस योजना का लाभ कब से मिलना शुरू होगा और क्या पुराने आवेदकों को दोबारा पंजीकरण कराना पड़ेगा।

    सूत्रों के मुताबिक, राज्य में मार्च और अप्रैल का बेरोजगारी भत्ता जारी किया गया था, लेकिन उसके बाद से यह राशि खातों में नहीं पहुंची है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि 'युवा साथी' योजना के पुराने 55 लाख लाभार्थियों के डेटा का नए सिरे से सत्यापन (वेरिफिकेशन) करने का फैसला लिया गया है। जब तक यह जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक के लिए भत्ता अस्थायी रूप से रुका रहेगा।

    माना जा रहा है कि जो युवा पहले से इस योजना का लाभ उठा रहे थे, उन्हें सीधे 'युवा शक्ति' में स्थानांतरित कर दिया जाएगा, जबकि नए आवेदकों को पोर्टल पर नए सिरे से आवेदन करना होगा। सरकार की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी होते ही नई आवेदन प्रक्रिया और भुगतान की तारीखों की घोषणा कर दी जाएगी।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- बंगाल में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ग्रुप-डी पदों पर मिलेगा नौकरी का अवसर