विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल STF की बड़ी कार्रवाई, दुर्गापुर और बीरभूम में अवैध हथियारों का जखीरा बरामद; चार गिरफ्तार

Published: Thu, 05 Nov 2026 02:46 PM (IST)

बंगाल में स्पेशल टास्क फोर्स ने अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है। STF ने 38 अवैध आग्नेयास्त्र और 122 कारतूस जब्त किए हैं।

बंगाल में STF ने अवैध हथियार किए बरामद (जागरण)

बंगाल में STF ने अवैध हथियार किए बरामद (जागरण)

HighLights

  1. बंगाल STF ने अवैध हथियार किए बरामद।

  2. दुर्गापुर और बीरभूम में छापामारी।

  3. हथियारों को खेतों में छिपाकर रखा था।

जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

एक ओर जामुड़िया और पांडवेश्वर में कार्रवाई के दौरान कुल 38 अवैध आग्नेयास्त्र और 122 कारतूस जब्त किए गए, वहीं बीरभूम के मुरारई थाना क्षेत्र में 1150 जिलेटिन की छड़ें और 1064 डेटोनेटर बरामद किए गए हैं। इसकी जानकारी एसटीएफ के एसपी सिद्धार्थ दापोला ने दुर्गापुर में पत्रकार सम्मेलन में दी।

पांडवेश्वर में खेतों में छिपाकर रखे गए थे हथियार

एसटीएफ के अनुसार, अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में जामुड़िया थाना में 31 जुलाई 2026 को मामला संख्या 310/26 दर्ज किया गया था।

जांच में सामने आया कि 30 जुलाई को बेलबेद मोड़ से गिरफ्तार खैरुल आलम चौधरी उर्फ गदाई का कथित संबंध अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह से था। इस गिरोह पर बिहार के मुंगेर से अवैध हथियार लाकर पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में आपूर्ति करने का संदेह है।

इस मामले में 4 अगस्त को झारखंड के रांची से पांडवेश्वर के बहुला निवासी मोहम्मद समशेर हुसैन को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर 9 अगस्त को अंडाल थाना क्षेत्र के ईसीएल के एक परित्यक्त आवास से 15 आग्नेयास्त्र, 57 कारतूस और दो खाली मैगजीन बरामद की गई थीं।

इसके बाद 26 अक्टूबर को पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के डालुरबाद से शेख शाहजहां उर्फ सजाहान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ ने 3 और 5 नवंबर को पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के दानयो गांव में लगातार तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान दक्षिण सामला कोलियरी के निकट कृषि भूमि में छिपाकर रखे गए छह देशी लंबी बंदूकें, चार देशी पिस्तौल और 11 देशी एकनली पाइपगन बरामद की गईं। इसके अलावा 8 एमएम के 47 और 7.65 एमएम के 18 कारतूस भी जब्त किए गए। अब तक इस पूरे मामले में कुल 38 अवैध आग्नेयास्त्र, 122 कारतूस और दो खाली मैगजीन बरामद की जा चुकी हैं।

बीरभूम में विस्फोटकों का बड़ा जखीरा जब्त, दो गिरफ्तार

दूसरी ओर, एसटीएफ ने गुप्त सूचना के आधार पर 4 और 5 नवंबर की मध्यरात्रि में बीरभूम के बारुआ गोपालपुर में मुरारई थाना पुलिस के सहयोग से छापामारी की।

इस दौरान मोहम्मद रेजा शेख उर्फ गुहा शेख (56) और मुकेश सिंह (49) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1150 जिलेटिन की छड़ें, 1064 डेटोनेटर और 32 रोल बिजली के तार बरामद किए गए। प्रत्येक रोल में 375 मीटर तार होने की जानकारी दी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की झारखंड और बिहार में अवैध रूप से विस्फोटकों के भंडारण और आपूर्ति में कथित संलिप्तता सामने आई है। दोनों के खिलाफ मुरारई थाना में 5 नवंबर को मामला संख्या 316/26 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4, 5 और 6 के तहत मामला दर्ज किया है।

एसटीएफ अब दोनों मामलों में अन्य आरोपियों की भूमिका और हथियारों तथा विस्फोटकों की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- बंगाल में 1.65 करोड़ महिलाओं खाते में कब आएगी अन्नपूर्णा योजना की किस्त? सीएम शुभेंदु ने दिया अपडेट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।