जादवपुर विश्वविद्यालय में यज्ञ को लेकर विवाद, अनियमितताओं के विरोध में मजदूर संगठन ने किया अनोखा प्रदर्शन
जादवपुर विश्वविद्यालय में भारतीय मजदूर संघ द्वारा प्रशासनिक अनियमितताओं के विरोध में किए गए प्रतीकात्मक यज्ञ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ...और पढ़ें

जादवपुर विश्वविद्यालय में यज्ञ को लेकर विवाद।
HighLights
जादवपुर विश्वविद्यालय में प्रशासनिक अनियमितताओं पर मजदूर संघ का यज्ञ।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विरासत भवन के सामने आग जलाने पर आपत्ति जताई।
छात्रों और संगठनों के बीच यज्ञ को लेकर मतभेद सामने आए।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। जादवपुर विश्वविद्यालय में प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोपों को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े संगठन भारतीय मजदूर संघ के प्रदर्शन को लेकर विवाद छिड़ गया है। भारतीय मजदूर संघ के नेताओं ने विवि परिसर में स्थित अरविंद भवन के सामने विरोध जताते हुए प्रतीकात्मक यज्ञ का आयोजन किया।
उन्होंने तर्क दिया कि पवित्र अग्नि के माध्यम से प्रशासन पर पड़ा ‘अशुभ प्रभाव’ दूर हो जाएगा। संगठन ने विवि के रजिस्ट्रार और वित्त अधिकारी पर सेवा अवधि पूरी होने के बावजूद पद पर बने रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी के लिए रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं। विवि के समग्र विकास और प्रशासन की सद्बुद्धि की कामना के लिए प्रतीकात्मक यज्ञ किया गया।
दूसरी तरफ विवि प्रशासन ने बिना अनुमति विरासती अरविंद भवन के सामने आग जलाने पर आपत्ति जताई है। रजिस्ट्रार सलीम बक्शी ने यज्ञ के आयोजन पर नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की रिपोर्ट कुलपति को दी है। यज्ञ को लेकर विद्यार्थियों के बीच भी मतभेद सामने आया है।
इंजीनियरिंग विभाग के एक समूह ने इसका विरोध करते हुए कहा कि विरासती भवन के सामने इस तरह का कृत्य स्वीकार्य नहीं है। भारतीय मजदूर संघ के नेताओं ने यज्ञ को गलत कदम मानने से इनकार किया है। उनका तर्क है कि विवि में सभी के कल्याण की कामना से यज्ञ किया गया। यदि विवि परिसर में जुलूस और सभाएं हो सकती हैं और उनसे नुकसान नहीं होता, तो यज्ञ पर भी आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
खबरें और भी
वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विवि परिसर में अति वामपंथी छात्र संगठनों की ओर से लगाए जाने वाले आजादी के नारों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनसे फैला दूषण दूर करने के लिए यज्ञ का आयोजन किया गया।