चुनाव आयोग के दफ्तर की बढ़ेगी सुरक्षा, कोलकाता पुलिस कर रही सिक्योरिटी ऑडिट
कोलकाता पुलिस राज्य चुनाव आयोग के दफ्तर की सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी में है। इसके लिए लालबाजार द्वारा एक 'सुरक्षा ऑडिट' किया जा रहा है। ...और पढ़ें

चुनाव आयोग के दफ्तर का सिक्योरिटी ऑडिट कर रही कोलकाता पुलिस (फाइल फोटो)
HighLights
कोलकाता पुलिस चुनाव आयोग दफ्तर की सुरक्षा बढ़ाएगी।
लालबाजार द्वारा सुरक्षा ऑडिट किया जा रहा है।
सीसीटीवी कैमरे और पुलिस बल बढ़ाए जाएंगे।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव खत्म होने के कुछ महीने बाद ही कोलकाता पुलिस ने राज्य के चुनाव आयोग के दफ्तर की सुरक्षा और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस मुख्यालय लालबाजार की ओर से इस सप्ताह चुनाव आयोग के सुरक्षा इंतजामों का 'सिक्योरिटी ऑडिट' किया जा रहा है। इसमें पुलिस के अलावा लोक निर्माण विभाग और कुछ अन्य विभागों के अधिकारी भी शामिल होंगे।
विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग का दफ्तर शिपिंग कॉरपोरेशन की नई इमारत में स्थानांतरित किया गया था। इसी इमारत से विधानसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया संचालित हुई थी।
इमारत की तीसरी मंजिल पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों के कार्यालय हैं।
चुनाव से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सूचनाएं भी यहां सुरक्षित रखी जाती हैं। चुनाव से पहले आयोग के दफ्तर के बाहर कई बार प्रदर्शन हुए थे और प्रदर्शनकारियों ने जबरन अंदर घुसने की कोशिश भी की थी।
सुरक्षा में पुलिस के साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती
वर्तमान में आयोग के दफ्तर की सुरक्षा में पुलिस के साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती है। नई सरकार के गठन के बाद कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की योजना बनाई थी।
इसी के तहत अब लालबाजार की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, ताकि कमजोरियों की पहचान कर सुरक्षा को और पुख्ता किया जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फिलहाल अधिकारियों के कमरों के बाहर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। सुरक्षा ऑडिट में यह देखा जाएगा कि इमारत के किन-किन हिस्सों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती जरूरी है और कितने पुलिस अधिकारियों व सशस्त्र पुलिसकर्मियों की जरूरत होगी।
इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इमारत की पहली मंजिल के अंदर और बाहर से लेकर चुनाव आयोग के कार्यालय के विभिन्न हिस्सों को कैमरों की निगरानी में लाने की योजना है।
बाहरी हिस्से में सुरक्षा बढ़ाने के उपायों पर भी विचार
इसके अलावा आयोग के दफ्तर के बाहरी हिस्से में सुरक्षा बढ़ाने के उपायों पर भी विचार किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी यह भी देखेंगे कि किन हिस्सों से केबल या तार ले जाए जा सकते हैं।
खबरें और भी
आयोग के कार्यालय में प्रवेश को और नियंत्रित करने पर भी पुलिस अधिकारी चर्चा कर रहे हैं। शिपिंग कारपोरेशन की इमारत में कई अन्य कार्यालय भी हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। ऐसे में अनधिकृत या अनावश्यक रूप से किसी के चुनाव आयोग के दफ्तर तक पहुंचने पर रोक लगाने के लिए भी नई व्यवस्था तैयार की जा रही है।