बंगाल के स्कूल-कॉलेजों में फिर शुरू होगी NCC ट्रेनिंग, सरकारी नियुक्तियों में अग्निवीरों को मिलेगा 20% आरक्षण
पश्चिम बंगाल सरकार स्कूलों और कॉलेजों में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) प्रशिक्षण फिर से शुरू करने की तैयारी कर रही है।

पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने की घोषणा। (फोटो- पीटीआई।)
HighLights
बंगाल के स्कूलों-कॉलेजों में एनसीसी प्रशिक्षण फिर से शुरू होगा।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसकी घोषणा की, केंद्र को लिखेंगे पत्र।
अग्निवीरों को राज्य की सरकारी नियुक्तियों में 20% आरक्षण मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के स्कूलों और कॉलेजों में राष्ट्रीय कैडेट कोर यानी एनसीसी का प्रशिक्षण फिर से शुरू करने की तैयारी राज्य सरकार कर रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यहां एक रक्षा से जुड़े एक सरकारी कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में राज्य सरकार की योजना की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने दावा किया पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने स्कूल-कॉलेजों से एनसीसी को हटा दिया था और इसके स्थान पर जय हिंद वाहिनी शुरू की गई थी। उन्होंने इसे गलत सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि एनसीसी के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में छात्र जीवन से ही अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है।
'केंद्र सरकार को लिखेंगे पत्र'
शुभेंदु ने कहा कि वह इस संबंध में केंद्र सरकार के संबंधित अधिकारियों को जल्द पत्र लिखेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि एनसीसी शुरू करने के लिए कुछ प्रोटोकॉल का पालन करना होता है और इसके लिए स्कूल-कालेजों को आवेदन करना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिक से अधिक स्कूल-कॉलेजों में एनसीसी की गतिविधियां शुरू कराने की व्यवस्था की जाएगी।
अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण का भी एलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस, दमकल, वन विभाग और आपदा प्रबंधन बल में नियुक्तियों में अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान कर रही है।
गौरतलब है कि एनसीसी रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित होता है और स्कूल-कॉलेजों में इसके प्रशिक्षण की जिम्मेदारी भारतीय सशस्त्र सेनाओं की होती है। बंगाल में भी पहले अन्य राज्यों की तरह शिक्षण संस्थानों में एनसीसी प्रशिक्षण चलता था। बाद में पिछली सरकार के कार्यकाल में इसे सीमित या बंद कर जय हिंद वाहिनी शुरू की गई थी। अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने शिक्षण संस्थानों में एनसीसी को फिर से सक्रिय करने की दिशा में पहल शुरू की है।
