बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, गाड़ी घेरकर हमलावरों ने की अंधाधुंध फायरिंग
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा जारी है। बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्र नाथ रथ की मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बंगाल में राजनीतिक हिंसा का तांडव एक बार फिर चरम पर है। बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में बेखौफ बदमाशों ने भाजपा के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब रथ अपनी गाड़ी से जा रहे थे।
स्थानीय सूत्रों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन हमलावर दोहारिया इलाके में चंद्रनाथ की गाड़ी का पीछा कर रहे थे। मौका पाकर बदमाशों ने गाड़ी को घेर लिया और बेहद करीब से कई राउंड फायर किए। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा। इस हमले में गाड़ी में मौजूद उनके सहयोगी बुद्धदेव बेरा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सुवेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंच गए हैं।
पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या। गाड़ी घेरकर की गोलीबारी। #Bengal #SuvenduAdhikari#BengalViolence #ChandranathRath pic.twitter.com/bHO6u906vg
— दीपक गुप्ता 🇮🇳 (@deepakg111) May 6, 2026
भवानीपुर चुनाव के रणनीतिकार थे रथ
मूल रूप से पूर्व मेदिनीपुर के निवासी चंद्रनाथ रथ, भाजपा के रणनीतिक गलियारों में एक जाना-माना नाम थे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भवानीपुर विधानसभा चुनाव के दौरान सुवेंदु अधिकारी की टीम के वह सबसे प्रमुख चेहरों में से एक थे।
प्रशासनिक विफलता या सोची-समझी साजिश?
इस हत्याकांड के बाद बंगाल की सियासत में उबाल आ गया है। भाजपा ने इसे 'राजनीतिक हत्या' करार देते हुए कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
वहीं, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। रात के सन्नाटे में हुई इस वारदात ने प्रशासन के उन दावों की पोल खोल दी है, जिनमें शांति और सुरक्षा की बात कही जाती है।