Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 27, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    West Bengal: भाजपा नेता के आवास पर हमला, देशी बम लेकर आए थे 60 लोग; टीएमसी पर लगे आरोप

    Updated: Thu, 27 Mar 2025 08:34 PM (GMT+05:30)

    भाजपा के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह के उत्तर 24 परगना जिले स्थित आवास पर रात करीब 10.30 बजे 50 से 60 लोगों के समूह ने धावा बोल दिया। भाजपा नेता ने आरोप ल ...और पढ़ें

    तृणमूल कांग्रेस की पार्षद सुनीता सिंह के बेटे नमित सिंह पर आरोप (प्रतीकात्मक तस्वीर)
    तृणमूल कांग्रेस की पार्षद सुनीता सिंह के बेटे नमित सिंह पर आरोप (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    HighLights

    1. बुधवार देर रात हुआ था आवास पर हमला
    2. हमले में एक युवक घायल हो गया
    3. मौके से भागने में सफल रहे हमलावर

    राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में भाजपा के वरिष्ठ नेता व बैरकपुर से पूर्व सांसद अर्जुन सिंह के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा स्थित आवास के बाहर अज्ञात बदमाशों द्वारा फिर फायरिंग व बमबाजी की घटना सामने आई है। पुलिस ने बताया कि यह हमला बुधवार देर रात हुआ जिसमें एक युवक घायल हो गया।

    भाजपा नेता का आरोप है कि रात करीब 10.30 बजे 50 से 60 लोगों के समूह ने उनके आवास पर धावा बोलकर हमला किया। उनके आवास में देशी बम फेंके गए। उन्होंने पुलिस पर मूकदर्शक बनकर तमाशा देखने का आरोप लगाया है। सिंह और उनके करीबी सहयोगियों ने हमलावरों का पीछा किया लेकिन वे मौके से भागने में सफल रहे।

    टीएमसी के पार्षद लगाया आरोप

    भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस की स्थानीय पार्षद सुनीता सिंह के बेटे नमित सिंह का हाथ है। उन्होंने दावा किया कि उसने पुलिस के सामने अंधाधुंध गोलीबारी और बमबाजी की। इस घटना में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद उनके आवास पर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।

    बता दें कि पिछले साल चार अक्तूबर को भी सिंह के आवास पर बमों से हमला किया गया था। उस घटना का भी आरोप नमित सिंह पर लगा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इलाके में मेघना जूट मिल में श्रमिकों के दो समूहों के बीच विवाद के बाद हिंसा भड़की। जगदल से तृणमूल के स्थानीय विधायक सोमनाथ श्याम ने अर्जुन सिंह और उनके समर्थकों पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया।

    खबरें और भी

    टीएमसी ने भाजपा पर बोला हमला

    • श्याम ने कहा, 'अर्जुन सिंह और उनके लोगों ने मेघना जूट मिल में काम करने वालों पर हमला किया और गोलियां चलाईं। युवक को सिंह ने गोली मारी और उसके समूह के हमले में तीन से चार और लोग घायल हो गए। उन्होंने अर्जुन सिंह की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की, नहीं तो बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। कथित तौर पर अशांति की खबर मिलने के बाद नमित सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि इसके तुरंत बाद स्थिति बिगड़ गई और गोलीबारी तथा बम विस्फोट होने लगे।
    • सिंह ने कहा कि अचानक गोलियों की आवाज सुन मैं अपने आवास मजदूर भवन से बाहर भागा और मेघना मोड़ की ओर बढ़ा। जैसे ही हम मौके पर पहुंचे, बदमाशों ने हम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। सिंह ने दावा किया कि कम से कम पांच से सात राउंड गोलियां चलाई गईं। हमले के बाद उन्होंने और उनके साथियों ने हमलावरों का पीछा किया, इस दौरान उनमें से एक नाले में गिर गया और घायल हो गया।

    कारतूस के कई खोल और बम बरामद

    स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के जवानों सहित एक बड़ी पुलिस टुकड़ी को इलाके में तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मौके से कारतूस के कई खोल और बम बरामद किए गए हैं। बैरकपुर कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त अजय ठाकुर ने कहा कि स्थिति अभी नियंत्रण में है। घटना में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    इधर, हिंसा भड़काने और मेघना जूट मिल में काम करने वालों पर हमला व गोलियां चलाने के आरोप में जगदल थाने की पुलिस ने अर्जुन सिंह को नोटिस भेजकर गुरुवार को ही दिन में तलब किया, हालांकि वे थाने नहीं गए। इसके बाद पुलिस ने भाजपा नेता के घर पर ही पहुंचकर उनसे मैराथन पूछताछ की। सिंह ने स्पष्ट कहा कि मेरे घर पर हमला होगा और मैं चूड़ी पहनकर बैठने वाला आदमी नहीं हूं।

    यह भी पढ़ें: छेड़छाड़ करने वालों से बचने की कोशिश में पलटी कार, भीषण हादसे में महिला की मौत; दो घायल