Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बंगाल में नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के 10 दिन बाद हुआ विभागों का बंटवारा, किसे मिला कौन-सा मंत्रालय?

    Updated: Wed, 10 Jun 2026 11:55 PM (IST)

    बंगाल की नई भाजपा सरकार में 1 जून को शपथ लेने वाले 35 नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा 10 दिन बाद किया गया है। इस आवंटन के साथ ही मंत्रिमंडल विस्तार ...और पढ़ें

    35 नए मंत्रियों के बीच विभागों का आवंटन किया गया (फोटो: पीटीआई)

    35 नए मंत्रियों के बीच विभागों का आवंटन किया गया (फोटो: पीटीआई)

    HighLights

    1. बंगाल में नई भाजपा सरकार के मंत्रियों को विभाग मिले।

    2. 1 जून को शपथ लेने वाले 35 नए मंत्री शामिल।

    3. शपथ ग्रहण के 10 दिन बाद हुआ विभागों का आवंटन।

    राजीव कुमार झा, कोलकाता। बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई वाली नवगठित भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के तहत शपथ ग्रहण के 10 दिन बाद आखिरकार बुधवार को 35 नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया। पत्रकार से राजनीति में आने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता व कोलकाता की रासबिहारी सीट से विधायक स्वप्न दासगुप्ता को वित्त विभाग की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

    वहीं, करीब दो साल पहले 2024 के लोकसभा चुनाव से पूर्व तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने वाले वरिष्ठ विधायक तापस राय को उद्योग एवं वाणिज्य विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। राज्य के गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, वरिष्ठ चिकित्सक एवं कोलकाता से सटे विधाननगर से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए डा. शारद्वत मुखर्जी को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग का जिम्मा दिया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गृह व पर्वतीय, सूचना व संस्कृति, बिजली, भूमि एवं भूमि राजस्व, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखे हैं।

    नोआपाड़ा के विधायक और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह को परिवहन एवं श्रम मंत्री बनाया गया है। अर्जुन सिंह बंगाल की राजनीति में प्रमुख हिंदीभाषी चेहरे हैं। शिक्षा विभाग को दो हिस्सों में बांटा गया है। पत्रकार से नेता बने जगन्नाथ चटर्जी को उच्च शिक्षा विभाग सहित तकनीकी शिक्षा और कौशल व प्रशिक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वह बीरभूम जिले के सिउड़ी विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं।

    दूध कुमार मंडल को कृषि और दीपक बर्मन को स्कूल शिक्षा विभाग

    वहीं, उत्तर बंगाल से आने वाले वरिष्ठ विधायक दीपक बर्मन को स्कूल शिक्षा विभाग का प्रभार मिला है। अलीपुरद्वार जिले के फालाकाटा से विधायक बर्मन को स्कूल शिक्षा के साथ आवास और एमएसएमई विभाग का दायित्व भी दिया गया है। अन्य महत्वपूर्ण विभागों में दूध कुमार मंडल कृषि मंत्री बनाए गए हैं।

    खबरें और भी

    वहीं, उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी से विधायक शंकर घोष को संसदीय कार्य विभाग के साथ पर्यटन विभाग का जिम्मा भी सौंपा गया है। उत्तर बंगाल से ही आने वाले मनोज उरांव को वन एवं पर्यावरण मंत्री बनाया गया है। पश्चिम बर्द्धमान जिले के आसनसोल के पास कुल्टी से विधायक व वरिष्ठ चिकित्सक डा अजय कुमार पोद्दार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) जैसे महत्वपूर्ण विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।

    मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद से विधायक निर्वाचित हुए गौरीशंकर घोष को पिछड़ा कल्याण विभाग, जन शिक्षा विस्तार एवं पुस्तकालय सेवा विभाग दिया गया है। शिक्षक से राजनेता बने पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी दक्षिण से दूसरी बार के विधायक अरूप कुमार दास को सिंचाई और जल संसाधन विभाग का जिम्मा दिया गया है। पूर्व मेदिनीपुर शुभेंदु अधिकारी का गृह जिला है।

    दूसरों के घरों में बर्तन मांजने वाली कलिता माजी को मिला आवास विभाग

    राज्य मंत्रियों में दूसरों के घरों में बर्तन मांजने का काम करने वाली पूर्व बर्द्धमान जिले के आउसग्राम से विधायक कलिता माजी को आवास विभाग दिया गया है।

    एक जून को हुआ था मंत्रिमंडल विस्तार

    नौ मई को मुख्यमंत्री और पांच कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण के 22 दिन बाद एक जून को राज्य मंत्रिमंडल का महत्वपूर्ण विस्तार हुआ था। राज्यपाल आरएन रवि ने 35 नए मंत्रियों को शपथ दिलाईथी। उनमें से 13 को कैबिनेट मंत्री, तीन को स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्री और 19 को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गईथी। इस विस्तार के साथ, मुख्यमंत्री को लेकर मंत्रिपरिषद की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई थी। नौ मई को मुख्यमंत्री के साथ शपथ लेने वाले पांच कैबिनेट मंत्रियों – दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, निशिथ प्रमाणिक और खुदीराम टुडू को पहले ही विभाग दे दिए गए थे।

    डा इंद्रनील खान को मिला खेल विभाग

    स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों में पेशे से चिकित्सक डा इंद्रनील खान को खेल व युवा विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। यह मंत्रालय पहले निशिथ प्रमाणिक के पास था। प्रमाणिक के पास उत्तर बंगाल विकास विभाग बरकरार रखा गया है। खेल व युवा विभाग लेकर उन्हें जल संसाधन जांच व विकास विभाग का जिम्मा दिया गया है।

    अग्निमित्रा पाल से लिया गया महिला कल्याण विभाग

    इसी तरह कैबिनेट मंत्री अग्निमित्रा पाल से महिला व बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग का जिम्मा वापस लेकर इस विभाग की जिम्मेदारी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मालती रावा राय को सौंपी गई है। राय को स्वयं सहायता समूह एवं स्वरोजगार विभाग तथा कार्यक्रम निगरानी विभाग का जिम्मा भी सौंपा गया है।

    मंत्रियों के विभागों की सूची
    कैबिनेट मंत्री

    1. सुवेंदु अधिकारी : मुख्यमंत्री और गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग, भूमि एवं भूमि सुधार, शरणार्थी राहत एवं पुनर्वास, विद्युत, सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग, कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार, विभाग और अन्य मंत्रियों को आवंटित न किए गए अन्य विभागों के प्रभारी मंत्री
    2. निशिथ प्रामाणिक : उत्तर बंगाल विकास और जल संसाधन जांच एवं विकास
    3. अशोक कीर्तनिया : खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और सहकारिता
    4. दिलीप घोष : पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और कृषि विपणन
    5. खुदीराम टुडू : जनजातीय विकास एवं अल्पसंख्यक मामलों का विभाग और मदरसा शिक्षा
    6. अग्निमित्रा पाल : शहरी विकास एवं नगर पालिका मामले
    7. दीपक बर्मन : स्कूल शिक्षा, आवास, एमएसएमई एवं वस्त्र विभाग
    8. तापस राय : उद्योग, वाणिज्य और उद्यम, सार्वजनिक उद्यम और औद्योगिक पुनर्निर्माण
    9. डा शंकर घोष : संसदीय कार्य और पर्यटन
    10. मनोज कुमार उरांव : वन और पर्यावरण
    11. अर्जुन सिंह : श्रम एवं परिवहन
    12. गौरी शंकर घोष : पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और जन शिक्षा विस्तार एवं पुस्तकालय सेवा
    13. जगन्नाथ चट्टोपाध्याय : उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास
    14. स्वपन दासगुप्ता : वित्त
    15. डा. कल्याण चक्रबर्ती : सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रानिक्स, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी और खाद्य प्रसंस्करण
    16. डा शरद्वत मुखर्जी : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण
    17. अरूप कुमार दास : सिंचाई एवं जलमार्ग
    18. डा. अजय कुमार पोद्दार : जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और लोक निर्माण
    19. दूध कुमार मोंडल : कृषि विभाग

    राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)

    1. मालती रावा राय : महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण
    2. राजेश महता : पशु संसाधन विकास विभाग और मत्स्य पालन
    3. डा. इंद्रनील खान : युवा एवं खेल विभाग और उपभोक्ता मामले

    राज्य मंत्री

    1. जोएल मुर्मु : जनजातीय विकास विभाग और सिंचाई एवं जलमार्ग
    2. आनंदमय बर्मन : परिवहन एवं वित्त
    3. अशोक डिंडा : कृषि विपणन और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं वस्त्र
    4. नाडियार चंद बोरी : लोक निर्माण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण
    5. विशाल लामा : गृह एवं पर्वतीय मामले, अल्पसंख्यक मामलों का विभाग और मदरसा शिक्षा
    6. शांतनु प्रमाणिक : खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास
    7. मौमिता बिस्वास मिश्रा : उद्योग, वाणिज्य और उद्यम विभाग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
    8. उमेश राय : संसदीय कार्य विभाग, शहरी विकास और नगरपालिका कार्य
    9. पूर्णिमा चक्रवर्ती : सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों का विभाग और पर्यटन
    10. कौशिक चौधरी : स्कूल शिक्षा विभाग और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा
    11. डा.हरे कृष्ण बेरा : उच्च शिक्षा एवं तकनीकी
    12. भास्कर भट्टाचार्य : सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और श्रम
    13. दिबाकर घरामी : सहकारिता विभाग, वन एवं पर्यावरण
    14. अमिय किस्कू : खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं बागवानी विभाग, कृषि विभाग, आवास
    15. कलिता माजी : आवास
    16. गार्गी दास घोष : विद्युत
    17. एडवोकेट बिराज बिस्वास : विधि विभाग, न्यायिक विभाग और उत्तर बंगाल विकास
    18. दीपांकर जाना : भूमि एवं भूमि सुधार, शरणार्थी राहत एवं पुनर्वास विभाग और सुंदरबन मामलों का विभाग
    19. सुमना सरकार : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण

    यह भी पढ़ें- ममता की करीबी, मगर अभिषेक बनर्जी से नहीं बनती... कौन हैं काकोली घोष, जिन्होंने TMC में कर दी बगावत?