बंगाल में पुरानी पेंशन व्यवस्था होगी खत्म, एनपीएस लागू करने की तैयारी तेज
पश्चिम बंगाल में राज्य सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) खत्म कर राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) लागू करने की तैयारी है। ...और पढ़ें

बंगाल में एनपीएस लागू करने की तैयारी।
HighLights
बंगाल में पुरानी पेंशन की जगह एनपीएस लागू होगा।
पीएफआरडीए चेयरमैन एस. रमन ने कोलकाता में जानकारी दी।
कर्मचारियों को कम पेंशन और बाजार जोखिम की चिंता।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में राज्य सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था खत्म कर राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) लागू करने की तैयारी है।
पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के चेयरमैन एस रमन ने कोलकाता में कहा कि भविष्य में बंगाल सरकार भी इसे लागू करेगी। बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य सरकारी कर्मचारियों के लिए एनपीएस लागू किए जाने की संभावना जताई जा रही थी।
एस रमन ने बताया कि पुरानी पेंशन व्यवस्था के स्थान पर 2004 में पहली बार केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए न्यू पेंशन स्कीम शुरू की गई थी। बाद में इसे निजी क्षेत्र के ग्राहकों के लिए भी खोल दिया गया। अब इसका नाम न्यूराष्ट्रीय पेंशन प्रणाली है। देश के लगभग सभी राज्य इस व्यवस्था को अपना चुके हैं।
हालांकि, इस व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों के एक वर्ग में पहले से नाराजगी है। पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर कई बार आंदोलन भी हो चुके हैं।
कर्मचारियों के एक वर्ग का कहना है कि पुरानी पेंशन व्यवस्था की तुलना में एनपीएस में सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली पेंशन काफी कम हो सकती है। इसके अलावा कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की बचत को प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से शेयर बाजार से जोड़ने पर भी जोखिम की चिंता बनी रहती है।
हालांकि, पीएफआरडीए चेयरमैन का तर्क है कि एनपीएस शेयर बाजार आधारित व्यवस्था होने के बावजूद पिछले 15 वर्षों में इसमें 9 से 9.5 प्रतिशत तक रिटर्न मिला है। अब बंगाल में इसे कब और किस रूप में लागू किया जाएगा, इस पर अंतिम तस्वीर सामने आना बाकी है।