'कहां है पुष्पा?', सीएम सुवेंदु ने फलता में दोबारा वोटिंग से पहले जहांगीर खान को दी चेतावनी
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने डायमंड हार्बर के फलता में पुनर्मतदान से पहले जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने पूछा कि 'कहां है पुष्पा?' ...और पढ़ें
-1778948396089_m.webp)
सुवेंदु अधिकारी ने पूछा- 'कहां है पुष्पा?'

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद सुवेंदु अधिकारी अपने पहले आधिकारिक जिला दौरे में शनिवार को दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर पहुंचे, जो लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व ममता बनर्जी के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी का गढ़ माना जाता है।
सुवेंदु अधिकारी ने वहां पहुंचकर पहले प्रशासनिक बैठक की और उसके बाद राजनीतिक कार्यक्रम में डायमंड हार्बर लोकसभा अंतर्गत फलता विधानसभा सीट पर 21 मई को होने वाले पुनर्मतदान से पहले जनसभा को संबोधित करते हुए सुवेंदु ने फिल्मी अंदाज में कहा कि कहां है पुष्पा?
सुवेंदु अधिकारी ने पूछा- कहां है पुष्पा?
फलता में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में पहली जनसभा को संबोधित करते हुए सुवेंदु ने खुद को पुष्पा बताकर चर्चा में आने वाले जहांगीर खान के बारे में फिल्मी अंदाज में पूछा कि पुष्पा कहां है?
सीएम बनने के बाद फलता में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में पहली जनसभा में सुवेंदु का निशाना विधानसभा चुनाव में खुद को पुष्पा के किरदार से तुलना कर चर्चा में आने वाले तृणमूल प्रत्याशी व स्थानीय विवादित नेता जहांगीर खान की ओर था।
खबरें और भी
सुवेंदु ने जहांगीर खान को एक घोषित कुख्यात अपराधी बताते हुए चेतावनी दी, 'चुनाव समाप्त होने के बाद तथाकथित पुष्पा की व्यवस्था करने की अब मेरी जिम्मेदारी है। मैं व्यक्तिगत रूप से उसके मामले को देखूंगा। फलता में चुनाव बीतते ही सारे गुंडों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।'
जहांगीर खान ने पुष्पा के किरदार से की थी खुद की तुलना
दरअसल, हाल में राज्य में विधानसभा चुनाव के दौरान फलता से तृणमूल प्रत्याशी जहांगीर खान ने खुद की तुलना फिल्म पुष्पा के किरदार से की थी।
जहांगीर खान की यह टिप्पणी उस समय सामने आई थी जब उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित आइपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा, जिन्हें चुनाव आयोग ने बंगाल में पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किया था, की तुलना फिल्म सिंघम के पुलिस अधिकारी से की जा रही थी।
एक वायरल वीडियो में अजय पाल शर्मा जहांगीर खान के परिवार को चेतावनी देते दिखाई दिए थे। वीडियो में शर्मा कहते सुनाई दिए, अगर उसके लोग धमकी देना जारी रखेंगे तो हम ठीक से निपटेंगे... फिर रोना मत।
इसके जवाब में जहांगीर खान ने कहा था, 'यदि आप सिंघम हैं तो मैं पुष्पा हूं। झुकेंगे नहीं।' दोनों के बीच की इस डायलॉगबाजी की काफी चर्चा हुई थी।
मालूम हो कि निर्वाचन आयोग ने 29 अप्रैल को फलता में हुए चुनाव को बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और ईवीएम से छेड़छाड़ तथा मतदाताओं को डराने-धमकाने के आरोपों के बाद रद कर दिया था।
डायमंड हार्बर के लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं पा रहे: सुवेंदु
मुख्यमंत्री ने इस दौरान दावा किया कि फलता में पुनर्मतदान लोकतांत्रिक अधिकारों की पुनर्स्थापना करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाइपो (ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी) के राजनीति में आने और उनके प्रभाव के बाद ऐसा माहौल बन गया था कि डायमंड हार्बर के लोग पिछले 10 वर्षों से अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे।
सीएम सुवेंदु ने लोगों को भरोसा दिलाया कि अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। लोगों को मतदान का अधिकार वापस मिलेगा। उन्होंने फलता के मतदाताओं से अपील की कि सिर्फ जीतना नहीं है बल्कि वे भाजपा प्रत्याशी को एक लाख से अधिक मतों के अंतर से विजयी बनाएं।
मुख्यमंत्री सुवेंदु ने आश्वस्त किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने जो वादा किया है वह तो पूरा होगा ही। मुख्यमंत्री ने फलता के लिए अलग से एक विशेष विकास पैकैज देने का वादा किया।
सीएम ने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने हमारे कार्यकर्ताओं पर जो अत्याचार किए हैं, उन्हें नहीं भूला हूं। सबका हिसाब होगा। पुलिस को पूर्व में हुए राजनीतिक अपराधों के लिए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा गया है।
टीएमसी विधायक फूलों का गुलदस्ता लेकर पहुंचे
सुवेंदु के इस दौरे की सबसे बड़ी राजनीतिक सनसनी तब सामने आई जब डायमंड हार्बर से तृणमूल के दो बार के मौजूदा विधायक पन्नालाल हलदर प्रशासनिक बैठक स्थल के बाहर गुलदस्ता लेकर मुख्यमंत्री का इंतजार करते दिखे।
हालांकि बैठक लंबी चलने के कारण उनकी सीधी मुलाकात नहीं हो पाई, लेकिन हलदर ने कैमरे पर स्वीकार किया कि खुद सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें रुकने के लिए कहा था। राजनीतिक हलकों में इसे टीएमसी विधायक के पाला बदलने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।