भारतवंशी सर्जन ने गोल्फ बाल के आकार का ब्रेन ट्यूमर नाक के रास्ते निकाला, ओपन ब्रेन सर्जरी की नहीं पड़ी जरूरत
भारतीय-अमेरिकी सर्जन मेजर जगतकुमार पटेल ने मरीन कॉर्प्स स्टाफ सार्जेंट एंडी आर्चर के गोल्फ बॉल के आकार के ब्रेन ट्यूमर को नाक के रास्ते सफलतापूर्वक नि ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिकी सेना में कार्यरत भारतीय-अमेरिकी सर्जन ने गोल्फ बाल के आकार के ब्रेन ट्यूमर को नाक के रास्ते निकालने में सफलता हासिल की। इसके कारण ओपन ब्रेन सर्जरी करने की जरूरत नहीं पड़ी।
वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में एंटीरियर स्कल बेस सर्जन मेजर जगतकुमार पटेल ने न्यूरोसर्जन लेफ्टिनेंट कर्नल चार्ल्स मिलर के साथ मिलकर मरीन कार्प्स स्टाफ सार्जेंट एंडी आर्चर का आपरेशन किया। वह 15 वर्षों से इस ट्यूमर के साथ जी रहे थे।
अमेरिकी रक्षा विभाग ने कहा कि इस प्रक्रिया के लिए दोनों विशेषज्ञों के बीच उच्च स्तर के समन्वित सहयोग की आवश्यकता थी। लगभग 4.4 सेंटीमीटर का यह ट्यूमर आर्चर की पिट्यूटरी ग्रंथि के सामने स्थित था और आप्टिक नर्व पर दबाव डाल रहा था।
पटेल ने मरीज की एंडोस्कोप का उपयोग करके नाक के मार्ग से गोल्फ बाल के आकार के ट्यूमर को निकालने के लिए स्पष्ट सर्जिकल मार्ग बनाया।
पटेल ने कहा, "आजकल, अगर ट्यूमर का आकार और स्थान उपयुक्त हो, तो ओपन सर्जरी की आवश्यकता नहीं होती। नाक के रास्ते सर्जरी करने से हमें सबसे अच्छी पहुंच मिलती है और ट्यूमर को पूरी तरह से हटाने की सबसे अच्छी संभावना होती है।"
टीम ने 99 प्रतिशत ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया। एक सूक्ष्म अंश आर्चर की आप्टिक तंत्रिका के पीछे लिपटा हुआ था, जिसे हटाने पर गंभीर जोखिम हो सकते थे। उन्होंने कहा कि पूरा भरोसा है कि बचे हुए टुकड़े के दोबारा बढ़ने की संभावना बहुत कम है।
खबरें और भी
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)