यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
2026 में G20 Summit की मेजबानी करेगा अमेरिका, व्हाइट हाउस ने कहा- भारत ने दुनिया को दिखाई अलग राह
अमेरिका ने 2026 में जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने की पुष्टि की है। उसने कहा कि ऐसे समय में जब वैश्विक अर्थव्यवस्था जलवायु संकट और रूस-यूक्रेन युद ...और पढ़ें

HighLights
- जी-20 शिखर सम्मेलन की 2026 में मेजबानी करेगा अमेरिका
- अमेरिका ने कहा- नई दिल्ली शिखर सम्मेलन सबसे गंभीर मुद्दों को हल करने की दिशा में बड़ा कदम है
- हम भारत की जी20 प्रेसीडेंसी में हुई प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं: अमेरिका
वाशिंगटन, एएनआई। G20 Summit 2026: अमेरिका (US) 2026 में जी-20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) की मेजबानी करेगा। इस सम्मेलन को राजधानी वाशिंगटन में आयोजित किया जाएगा। व्हाइट हाउस (White House) ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
भारत की अध्यक्षता का कायल हुआ अमेरिका
व्हाइट हाउस ने कहा कि भारत की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit 2023) सबसे गंभीर मुद्दों का हल निकालने की दिशा में एक बड़ा कदम है। व्हाइट हाउस का यह बयान दिल्ली डिक्लेरेशन (Delhi Declaration) की घोषणा के तुरंत बाद आया है।

यह भी पढ़ें: G20 Summit 2023: New Delhi Declaration में रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर क्या कहा गया? 10 बड़ी बातें
सबसे गंभीर मामलों का हल निकाल सकता है जी-20
व्हाइट हाउस ने कहा कि ऐसे समय में जब वैश्विक अर्थव्यवस्था जलवायु संकट और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे कई समस्याओं से जूझ रही है, इस साल के नई दिल्ली शिखर सम्मेलन ने यह साबित कर दिया कि अभी भी जी-20 सबसे गंभीर मामलों का हल निकाल सकता है। अमेरिका ने कहा कि वह भारत की जी-20 अध्यक्षता में हुई प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसकी शुरुआत 2024 में ब्राजील और 2025 में दक्षिण अफ्रीका की प्रेसीडेंसी से होगी।

अफ्रीकी यूनियन के G20 में शामिल होने पर किया स्वागत
अमेरिका ने अफ्रीकी यूनियन के जी-20 के स्थायी सदस्य के रूप में शामिल होने पर स्वागत किया। उसने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में अफ्रीका की महत्वपूर्ण भूमिका है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अफ्रीकी यूनियन के जी-20 के 21वें सदस्य के रूप में शामिल होने की घोषणा की।
यह भी पढ़ें: G20 Summit: जी20 अब होगा जी21, अफ्रीकी यूनियन बना नया सदस्य; PM Modi ने किया एलान
घाना और श्रीलंका के ऋण संकट पर हुई चर्चा
जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान घाना और श्रीलंका की स्थिति पर भी चर्चा हुई। जी-20 नेताओं ने दोनों देशों में चल रहे ऋण संकट को हल करने के लिए प्रयासों को दोगुना करने को लेकर प्रतिबद्धता जताई। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि अमेरिका को अक्टूबर में विश्व बैंक (World Bank) और आइएमएफ (IMF) की वार्षिक बैठक में सार्थक प्रगति होने की उम्मीद है।