Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    फर्जी लाइसेंस से 17 साल तक उड़ाईं 900 से अधिक फ्लाइट्स, एयर कनाडा का पायलट गिरफ्तार

    Updated: Thu, 11 Jun 2026 10:41 AM (IST)

    एअर कनाडा के पायलट जेफ्री वॉल को बिना अनिवार्य लाइसेंस के 17 साल तक 900 से अधिक उड़ानें भरने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

    एअर कनाडा के पायलट जेफ्री वॉल गिरफ्तार(फोटो: सोशल मीडिया)

    एअर कनाडा के पायलट जेफ्री वॉल गिरफ्तार(फोटो: सोशल मीडिया)

    HighLights

    1. पायलट जेफ्री वॉल ने 17 साल बिना लाइसेंस उड़ानें भरीं।

    2. 900 से अधिक उड़ानों में लाखों डॉलर कमाए, अब गिरफ्तार।

    3. रूटीन जांच में धोखाधड़ी का खुलासा, सुरक्षा पर सवाल नहीं।

    डिजिटल डेस्क, ओटावा। एअर कनाडा के एक कैप्टन ने बिना लाइसेंस के करीब 17 साल तक सैकड़ों यात्री विमान उड़ाता रहा। पूर्व एअर कनाडा पायलट जेफ्री वॉल पर आरोप है कि उन्होंने साल 2009 से 2025 के बीच 900 से अधिक घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें भरीं, जबकि उनके पास कैप्टन बनने के लिए अनिवार्य एअरलाइन ट्रांसपोर्ट पायलट लाइसेंस फॉर एअरोप्लेन नहीं था। पायलट क्रेडेंशियल्स में लंबे समय से की जा रही इस धोखाधड़ी के बाद जेफ्री वॉल को 1 जून को गिरफ्तार कर लिया गया।

    इस धोखाधड़ी के दौरान जेफ्री वॉल ने बोइंग 767, 777 और 787 जैसे बड़े और आधुनिक विमान उड़ाए। उन्होंने इन उड़ानों के जरिए हजारों यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया और वेतन के रूप में लगभग 20 लाख अमेरिकी डॉलर से अधिक कमाए।

    ओंटारियो में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पील रीजनल पुलिस के डिप्टी चीफ मिलिनोविच ने कहा, "इस जांच और इससे जुड़े विवरण किसी फिल्मी स्क्रिप्ट की तरह लगते हैं। आरोपी पायलट इन कमांड के पद तक पहुंच गया और लगभग 17 वर्षों तक बोइंग विमान उड़ाता रहा।"

    योग्यता थी, लेकिन नहीं था कैप्टन का लाइसेंस

    जेफ्री वॉल पूरी तरह से अयोग्य विमान चालक नहीं थे। एअर कनाडा के साथ अपने 27 साल के करियर के दौरान उनके पास एक कमर्शियल पायलट लाइसेंस था और उन्हें कानूनी रूप से कमर्शियल विमान उड़ाने की अनुमति थी। हालांकि, जब 2009 में उन्हें प्रमोट करके कैप्टन बनाया गया, तब उन्होंने इसके लिए जरूरी उच्च-स्तरीय ATPL-A लाइसेंस कभी हासिल नहीं किया।

    खबरें और भी

    डिप्टी चीफ मिलिनोविच ने इसकी तुलना करते हुए कहा, "यह बिल्कुल वैसा ही है जैसे कोई डॉक्टर फैमिली मेडिसिन का अभ्यास करने के लिए लाइसेंस प्राप्त हो, लेकिन वह अपने क्लिनिक में ब्रेन सर्जरी कर रहा हो। पेशेवर पदों के लिए अतिरिक्त आवश्यकताएं और नियम किसी ठोस वजह से ही बनाए जाते हैं। हमारा मानना है कि आरोपी ने कंपनी और नियामक दोनों के सामने अपनी योग्यताओं को गलत तरीके से पेश किया।"

    कैसे खुला इस धोखाधड़ी का राज?

    इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा साल 2025 में जेफ्री वॉल के दस्तावेजों की एक रूटीन समीक्षा के दौरान हुआ। अधिकारियों को पायलट के लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों में कुछ विसंगतियां मिलीं, जिसके बाद एअर कनाडा ने तुरंत विमानन नियामकों को इसकी सूचना दी। इस साल की शुरुआत में अधिकारियों द्वारा प्रोजेक्ट इकारस नाम से आपराधिक और नियामक जांच शुरू करने से ठीक पहले जेफ्री वॉल ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी।

    एअर कनाडा ने इस घटना पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि इस पूरे मामले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ, क्योंकि उनके सभी पायलट नियमित प्रशिक्षण और क्रेडेंशियल जांच से गुजरते हैं।

    एअरलाइन ने कहा, "इस घटना से सुरक्षा के मोर्चे पर कोई समझौता नहीं हुआ क्योंकि एअर कनाडा के सभी पायलटों को अपनी उड़ान क्षमता साबित करने के लिए हर छह महीने में अनिवार्य आवर्ती प्रशिक्षण से गुजरना पड़ता है। इसमें हर 12 महीने में ट्रांसपोर्ट कनाडा के एक प्रमाणित चेक-पायलट के साथ उड़ान की जांच भी शामिल है। हालांकि, उचित लाइसेंसिंग विमानन उद्योग की बहुस्तरीय सुरक्षा प्रणाली का एक अनिवार्य हिस्सा है, इसलिए एअर कनाडा इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है।"

    इस मामले में ट्रांसपोर्ट कनाडा ने जेफ्री वॉल पर भारी जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही अब वह सात आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं। इन आरोपों में 5,000 कैनेडियन डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी, जाली दस्तावेजों का उपयोग करने के दो मामले और नकली मोहर रखने के तीन मामले शामिल हैं। जेफ्री वॉल को 29 जून, 2026 को अदालत में पेश किया जाना है।

    यह भी पढ़ें- फर्जी हादसे, बीमा फ्राड व वाहन घोटालों का खेल; कनाडा में करोड़ों की ठगी के क्रिमिनल टूरिज्म नेटवर्क का खुलासा

    यह भी पढ़ें- कनाडा-ब्रिटेन के बाद खालिस्तानियों का नया ठिकाना बना अजरबैजान, भारत विरोधी नैरेटिव गढ़ने के लिए थिंक टैंक का इस्तेमाल