पीएम मोदी की इंडोनेशिया यात्रा का भव्य समापन, 5 फाइटर जेट्स से दी गई सलामी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया की अपनी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पूरी की और ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुए। ...और पढ़ें
HighLights
पीएम मोदी ने इंडोनेशिया की तीन दिवसीय यात्रा पूरी की।
पांच इंडोनेशियाई फाइटर जेट्स ने पीएम के विमान को एस्कॉर्ट किया।
रक्षा, समुद्री सहयोग, एआई में साझेदारी के नए रास्ते खुले।
डिजिटल डेस्क, जकार्ता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बुधवार, 8 जुलाई को इंडोनेशिया में अपनी तीन दिन की राजकीय यात्रा पूरी करके जकार्ता से ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुए।
इस दौरान इंडोनेशियाई वायु सेना के पांच फाइटर जेट्स ने पीएम मोदी के प्लेन को इंडोनेशियाई हवाई क्षेत्र से बाहर तक एस्कॉर्ट किया।
इंडोनेशियाई फाइटर जेट्स ने पीएम मोदी को किया एस्कॉर्ट
न्यूज एजेंसी पीटीआई के वीडियो के मुताबिक, जब फाइटर जेट्स उनके विमान के साथ चल रहे थे, तो PM मोदी ने विमान के अंदर से ही उनका अभिवादन किया।
पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होने से पहले, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो ने हवाई अड्डे पर व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री को विदा किया।
इंडोनेशिया ने सोमवार को पीएम मोदी का स्वागत भी इसी तरह किया था, जब इंडोनेशियाई वायु सेना के फाइटर जेट्स ने इंडोनेशियाई हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही उनके विमान को एस्कॉर्ट किया था।
पीएम मोदी की यात्रा के दौरान जकार्ता में राष्ट्रपति प्राबोवो ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्होंने पारंपरिक नृत्य प्रदर्शन भी देखा।
भारत-इंडोनेशिया के बीच मजबूत साझेदारी
प्रधानमंत्री ने यात्रा पूरी करते हुए कहा कि इस यात्रा ने रक्षा, समुद्री सहयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इनोवेशन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खोले हैं।
पीएम ने कहा, 'इंडोनेशिया की अपनी यात्रा पूरी करते हुए, मैं हमारी साझेदारी के भविष्य के संदर्भ में हासिल हुए नतीजों से बेहद संतुष्ट महसूस कर रहा हूं।'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'मैं इंडोनेशिया के लोगों और राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो का उनके असाधारण स्नेह और भारत-इंडोनेशिया संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए दिल से आभार व्यक्त करता हूं।'
मंगलवार को व्यापक बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति प्राबोवो ने राजनीतिक, रक्षा, आर्थिक, तकनीकी और क्षेत्रीय सहयोग को शामिल करते हुए भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
यह भी पढ़ें- इंडोनेशिया की संसद में गूंजा बीजू पटनायक का नाम, आजादी की लड़ाई में योगदान को किया गया याद