जापान: टोक्यो में बड़ा हादसा टला, स्कूल की चौथी मंजिल पर भड़की आग; सुरक्षित निकाले गए 300 बच्चे और शिक्षक
जापान की राजधानी टोक्यो के एक प्राथमिक स्कूल में भीषण आग लगने से 300 बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ...और पढ़ें
डिजिटल डेस्क, टोक्यो। जापान की राजधानी टोक्यो के एक प्राथमिक स्कूल में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। इस दौरान स्कूल की चौथी मंजिल पर फंसे करीब 300 बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में कुछ बच्चों और एक शिक्षक को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को टोक्यो के बीचों-बीच स्थित एक एलिमेंट्री स्कूल में आग लग गई। टोक्यो फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि चार मंजिला इमारत में स्थित 'ताकिनोगावा नंबर 3 एलिमेंट्री स्कूल' की सबसे ऊपरी मंजिल पर, म्यूजिक रूम के पास शुक्रवार देर सुबह आग लगी।
फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, दमकलकर्मियों ने एक शिक्षक और कई स्कूली बच्चों को इमारत से बाहर निकाला, उन्हें ऐसी चोटें आईं जिनसे जान का कोई खतरा नहीं है।
टेलीविजन फुटेज में चौथी मंजिल की खिड़कियों से काला धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया, जबकि दमकलकर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। दर्जनों दमकल गाड़ियां तैनात की गई थीं।
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के समय इमारत के अंदर मौजूद बाकी सभी लोग खुद ही पास के एक पार्क में चले गए थे और कोई भी अंदर नहीं फंसा था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। ( समाचार एजेंसी AP के इनपुट के साथ)