विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या ईरान ने मार गिराया US का F-18 लड़ाकू विमान? दावे पर अमेरिका ने किया फैक्ट चेक

Published: Thu, 26 Mar 2026 10:30 AM (IST)

ईरान ने अमेरिकी F-18 फाइटर जेट को मार गिराने का दावा किया है। हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।

HighLights

  1. ईरान ने अमेरिकी F-18 फाइटर जेट गिराने का दावा किया

  2. अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के दावे को खारिज किया

  3. ईरान ने वीडियो जारी किया, पर सत्यता की पुष्टि नहीं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईरान ने अमेरिकी F-18 फाइटर जेट को सफलतापूर्वक मार गिराने का दावा किया है। यह दावा अमेरिका और इजरायल के साथ चल रही बढ़ती जंग के बीच आया है। तेहरान ने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें एक फाइटर जेट को हवा में मिसाइल लगने के बाद नीचे गिरते दिखाया गया है।

ईरान की सरकारी मीडिया Press TV ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने अमेरिकी F-18 जेट को मार गिराया। हालांकि, वीडियो में हमले की जगह, नुकसान की डिग्री या पायलट की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।

वीडियो क्या दिखाता है?

वीडियो में एक जेट हवा में उड़ता दिखता है, फिर अचानक चमकदार रोशनी पड़ती है। उसके बाद जेट अस्थिर हो जाता है और धुआं छोड़ते हुए नीचे की ओर गिरते दिखता है। ईरान का दावा है कि यह बैलिस्टिक मिसाइल से हमला था। लेकिन कोई मीडिया संगठनों ने वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है।

अमेरिका का साफ इनकार

अमेरिकी सेना ने ईरान के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। यूएस सेंट्रल कमांड ने एक्स पर लिखा कि आईआरजीसी ने कहा कि चाबहार के ऊपर अमेरिकी FA-18 जेट को नई एयर डिफेंस सिस्टम से मारा गया। लेकिन ईरान ने कोई भी अमेरिकी फाइटर एयरक्राफ्ट नहीं गिराया। यह पहली बार नहीं है जब ईरान ऐसे दावे कर रहा है और सेंट्रल कमांड ने उन्हें फर्जी बता रहा है।

पहले के दावे भी खारिज

पिछले हफ्ते ईरानी मीडिया ने दो बार दावा किया था कि आईआरजीसी ने अमेरिकी F-15 जेट्स को मार गिराया। सेंट्रल कमांड ने उन दावों को भी खारिज करते हुए कहा कि ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत अमेरिकी बलों ने 8,000 से ज्यादा कॉम्बैट फ्लाइट्स पूरी की हैं, लेकिन ईरान ने एक भी अमेरिकी फाइटर जेट नहीं गिराया।

ईरान ने एक अमेरिकी F-35 स्टेल्थ फाइटर को भी नुकसान पहुंचाने का दावा किया था। अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की कि जेट में आग लगने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी और पायलट सुरक्षित निकल गया। जांच चल रही है, लेकिन अमेरिका ने इसे स्पष्ट रूप से ईरानी हमले से जोड़ने से परहेज किया है।

यह भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट संकट: अमेरिका के भीषण प्रहार के बीच ईरान का पलटवार, अमेरिकी एफ-18 विमान मार गिराने का दावा