'ट्रंप के साथ ज्यादा खतरे में है आपका बेटा', ईरानी दूतावास ने लापता अमेरिकी पायलट की मां को भेजा संदेश
एक अमेरिकी महिला ने अपने लापता पायलट बेटे के लिए सोशल मीडिया पर चिंता व्यक्त की। इस पर पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावासों ने प्रतिक्रिया ...और पढ़ें

ईरान ने अमेरिका पायलट की मां को भेजा संदेश (फोटो-रॉयटर्स)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका की एक महिला ने दावा किया कि उसका बेटा पायलट है और उसे अपने बेटे के बारे में कई दिनों से कोई खबर नहीं मिली है। उसका दिल चिंता से भारी हो गया है।
अमेरिकी महिला ने अपने बेटे के बारे में ये जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए दी। इस पर पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका में ईरान के दूतावासों ने रिएक्ट किया है।
ईरान ने चेतावनी दी कि उसके बेटे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के पास ज्यादा खतरे में हैं, बजाय इसके कि वो ईरानी हिरासत में होता।
'ट्रंप के साथ ज्यादा खतरे में आपका बेटा'
पाकिस्तान में ईरानी दूतावास ने लिखा, 'निश्चिंत रहें, आपके बेटे DJ ट्रंप के पास ज्यादा खतरे में हैं, बजाय इसके कि वे ईरान की हिरासत में होते। प्रार्थना करें कि उसे अमेरिकी बचाव टीमों के मिलने के बजाय ईरान द्वारा बंदी बनाकर रखा जाए।'
ईरानी दूतावास ने आगे लिखा, 'एक मुसलमान और सभ्य ईरानी होने के नाते, हम जानते हैं कि हिरासत में बंदियों के साथ गरिमा और सम्मान से कैसे पेश आना है।'
दक्षिण अफ्रीका के ईरानी दूतावास ने पाकिस्तानी दूतावास की इस पोस्ट को रीशेयर किया और युद्धबंदियों के प्रति ईरान के ऐतिहासिक व्यवहार का हवाला देते हुए लिखा, 'ईरान में, तथाकथित मानवीय कानून लिखे जाने से बहुत पहले ही, युद्धबंदियों (POWs) के अधिकार तय कर दिए गए थे।'
ईरानी दूतावास ने आगे लिखा, 'हम युद्धबंदियों के साथ आपके बर्बर सहयोगियों, यानी जायोनिस्टों जैसा व्यवहार नहीं करते। हमारी एक ईरानी सभ्यता है। हम अमेरिका की तरह पाषाण युग में नहीं जीते।'
अमेरिकी महिला का बेटे के लिए पोस्ट
अमेरिकी महिला ने अपने बेटे के लिए भावुक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें लिखा था, 'आज रात उन दो F-15 पायलटों को अपनी प्रार्थनाओं में याद रखें, जिन्हें मार गिराया गया था।'
महिला ने आगे बताया, 'मेरा एक बेटा फाइटर पायलट है और मुझे अभी तक उससे या उसकी यूनिट से कोई खबर नहीं मिली है। मेरा दिल चिंता से भारी है। कृपया सभी पायलटों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करें।'
शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में ईरान ने दो अमेरिकी सैन्य विमानों को मार गिराया। चालक दल के एक सदस्य को बचा लिया गया, वहीं एक पायलट अभी भी लापता है।
ईरानी सरकारी मीडिया ने यह भी दावा किया कि एक अमेरिकी A-10 हमलावर जेट ईरानी रक्षा बलों से संपर्क होने के बाद फारसी खाड़ी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, हालांकि एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि उसे मार गिराया गया था या वह दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।