'अमेरिका के मदर ऑफ ऑल बम से डरनेवाले नहीं', ईरान के रक्षा मंत्री ने दी चेतावनी
ईरान के नए रक्षा मंत्री मेहरदाद अखलाकी ने अमेरिका को 'मदर ऑफ ऑल बम' के इस्तेमाल पर चेतावनी दी है और कहा है कि तेहरान इससे निपटने को तैयार है।

ईरान के रक्षा मंत्री मेहरदाद अखलाकी केताबची। (फाइल फोटो।)
HighLights
ईरान के नए रक्षा मंत्री ने अमेरिका को चेतावनी दी।
'मदर ऑफ ऑल बम' से निपटने की तैयारी का दावा।
ट्रंप को खाड़ी से सेना हटाने की सलाह दी।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया है। रॉयटर के अनुसार, नए रक्षा मंत्री मेहरदाद अखलाकी केताबची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप को चेतावनी दी है कि तेहरान ने अमेरिका के मदर आफ आल बम से निपटने की तैयारी कर ली है।
उन्होंने कहा कि ट्रंप को अपनी सेना को खाड़ी क्षेत्र से सुरक्षित तरीके से हटाने पर अपना ध्यान लगाना चाहिए। अगर ट्रंप ने बम गिराया तो उन्हें इस पर भी विचार करना चाहिए कि वह अपने कितने सैनिकों के शव वापस ले जाएंगे। उधर, ट्रंप ने कहा है कि ईरान युद्ध बहुत जल्द खत्म कर दिया जाएगा, जिसके बाद तेल की कीमतें नीचे आ जाएंगी।
अमेरिका ने क्या दावा किया?
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया कि ईरान के दावे के विपरीत होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुला हुआ है और 97 प्रतिशत जहाज तेल और गैस लेकर दुनियाभर में जा रहे हैं। बता दें कि ईरानी संसद ने अखलाकी की बतौर रक्षा एवं सैन्य बल लाजिस्टिक्स मंत्री नियुक्ति पर मुहर लगाई। उनके समर्थन में 237 सांसद, जबकि विरोध में 15 ने मत डाले। उनके प्रस्ताव पर कुल 277 वोट पड़े।
ईरान के नए रक्षा मंत्री के बारे में
अखलाकी ने अजीज नासिरजादेह की जगह ली है, जो अमेरिका-इजरायल के हमले में मारे गए थे। इसके बाद राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने ब्रिगेडियर जनरल सैयद माजिद इब्न अल रेजा को कार्यवाहक रक्षा मंत्री बनाया था। अखलाकी ने कई दशक तक ईरान के रक्षा मंत्रालय में सेवाएं दी हैं और एयरोस्पेस और मिसाइल सेक्टर में वरिष्ठ भूमिका में रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह देश की सैन्य औद्योगिक ढांचे को और मजबूत बनाएंगे, रक्षा तकनीक के विकास और प्राइवेट सेक्टर कंपनियों के साथ सहयोग बढ़ाएंगे। उधर, ईरान दबाव के साथ-साथ कूटनीतिक प्रयास भी जारी रखे हुए है।
एपी के अनुसार, विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका से ईरान के सात दिन वाले प्रस्ताव को स्वीकार करने की अपील की है। इसे स्वीकार करने के सात दिनों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट खोलने की बात कही गई है। अराघची ने कहा कि अमेरिका के जवाब की समीक्षा की जा रही है, लेकिन हमारा प्रस्ताव अब भी कायम है। वह बगदाद में ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) की विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक में बोल रहे थे।
इशाक डार ने भी की मुलाकात
यहां पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने भी उनसे मुलाकात की और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा की। ईरान-पाकिस्तान सीमा बंद ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा है कि तकनीकी कारणों और सतर्कता उपायों के चलते पाकिस्तान से लगी सीमा को अस्थायी तौर पर बंद किया गया है।
एएनआई के अनुसार, बघाई ने कहा कि दोनों देशों के अधिकारियों के बीच सलाह मश्विरा चल रहा है। सीमापार आवागमन और आदान-प्रदान भी रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही स्थितियां सामान्य हो जाएंगी। उधर, पाकिस्तान के डॉन अखबार के अनुसार गब्द-रिमदान और ताफ्तान सीमा चेकप्वाइंट से पाकिस्तान ने कारोबार रोक दिया है। पाकिस्तान द्वारा की गई नियामकीय कार्रवाई के बाद ईरान ने भी कदम उठाया है।
