नेतन्याहू ने गाजा पर ट्रंप की योजना से जताई असहमति, इजरायली सेना नहीं हटेगी पीछे
नेतन्याहू की असहमति हमास और अन्य सशस्त्र संगठनों के सभी हथियारों को डालने और इजरायली सेना की गाजा से वापसी को लेकर है। नेतन्याहू ने गाजा को हथियारविही ...और पढ़ें

नेतन्याहू ने गाजा पर ट्रंप की योजना से जताई असहमति (फाइल फोटो)
HighLights
कहा, गाजा के हथियारविहीन होने से पहले इजरायली सेना नहीं हटेगी पीछे
इजरायली पीएम ने हमास के साथ हुआ समझौता सार्वजनिक करने को कहा
एएनआई, यरुशलम। गाजा में सामान्य स्थिति की बहाली को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना से इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने असहमति जता दी है।
नेतन्याहू की असहमति हमास और अन्य सशस्त्र संगठनों के सभी हथियारों को डालने और इजरायली सेना की गाजा से वापसी को लेकर है।
नेतन्याहू ने गाजा को हथियारविहीन बनाने की शर्त की याद दिलाई है। कहा है कि उसके बिना गाजा में येलो लाइन से इजरायली सेना का पीछे हटना संभव नहीं है।
नेतन्याहू ने साफ कर दिया है कि हमास के सभी हथियार डालने और गाजा के हथियारविहीन होने से पहले फलस्तीनी क्षेत्र की पुनर्निर्माण योजना को क्रियान्वित करने के विचार से वह पूरी तरह से असहमत हैं।
इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा, हाल में काहिरा में हमास के हथियार डालने के समझौते को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। इससे पता चलेगा कि गाजा में किस कार्य के लिए क्या समय निश्चित किया गया है।
नेतन्याहू से पहले सोमवार को इजरायल की सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति के सदस्य कैबिनेट मंत्री एली कोहेन साफ कर चुके हैं कि गाजा पर हमले बंद नहीं होंगे और न ही वहां से इजरायली सेना हटेगी।
हमास के पूरी तरह से हथियार डालने और उसका अस्तित्व खत्म करने पर इजरायल ने समझौता किया है। वह इस समझौते से पीछे नहीं हटेगा।
इससे पूर्व हमास ने काहिरा में अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ हुए समझौते के बाद स्पष्ट किया था कि वह गाजा से इजरायली सेना के हटने और हमले रुकने के बाद ही हथियार डालने के लिए तैयार है। ऐसे में राष्ट्रपति ट्रंप की शांति योजना कैसे आगे बढ़ेगी, इसे लेकर संशय की स्थिति है।