Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शेख हसीना की नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस से बौखलाया बांग्लादेश, भारत के साथ संबंध को लेकर कही बड़ी बात

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 09:06 PM (IST)

    बांग्लादेश सरकार ने नई दिल्ली में पूर्व पीएम शेख हसीना की प्रेस वार्ता पर कड़ी आपत्ति जताई है, इसे भारत-बांग्लादेश संबंधों के लिए हानिकारक बताया है। ...और पढ़ें

    शेख हसीना और तारिक रहमान।

    शेख हसीना और तारिक रहमान।

    HighLights

    1. बांग्लादेश ने शेख हसीना की प्रेस वार्ता पर आपत्ति जताई।

    2. सरकार ने हसीना को भगोड़ा बताया, संबंधों को नुकसान।

    3. जुलाई क्रांति की वर्षगांठ पर बयान को अपमान कहा।

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा नई दिल्ली में मीडिया से की गई बातचीत बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार को पूरी तरह से नागवार गुजरी है। बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय ने बुधवार देर रात एक बयान जारी कर पूर्व पीएम हसीना को भगोड़ा करार देते हुए उनके बयानों से दोनों देशों के संबंधों को नुकसान पहुंचाने की बात कही है।

    बहुत संभव है कि इससे पीएम तारिक रहमान की संभावित भारत यात्रा पर भी इसका असर हो। भारत ने दो दिन पहले ही इस बात की पुष्टि की है कि सितंबर 2026 में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए पीएम रहमान को आमंत्रित किया जाएगा।

    बांग्लादेश सरकार ने क्या कहा?

    बांग्लादेश सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि बांग्लादेश इस बात से आक्रोशित है कि फरार व जनसंहार करने वाली शेख हसीना को नई दिल्ली में मीडिया से लाइव बातचीत करने की अनुमति दी गई, जहां उन्होंने और उनके सहयोगियों ने बांग्लादेश और उसके लोगों के खिलाफ जहरीला हमला बोला।

    हसीना के प्रेस वार्ता से ढाका अफसोस में

    ढाका ने गहरा अफसोस जताया कि भारत सरकार को पहले से इस कार्यक्रम के संभावित नतीजों के बारे में चिंताएं बताई गई थीं, फिर भी इसे आयोजित करने की अनुमति दी गई।

    खबरें और भी

    इतना ही नहीं बयान में यह भी कहा गया है कि जिस दिन बांग्लादेश के लोग जुलाई क्रांति की दूसरी वर्षगांठ मना रहे हैं, उस दिन भारतीय धरती पर शेख हसीना की यह बातचीत बांग्लादेश की संप्रभुता और जुलाई क्रांति के शहीदों का गंभीर अपमान है।

    बयान में आगे कहा गया है कि जुलाई क्रांति की भावना को बनाए रखते हुए हमारे लोगों ने दृढ़ संकल्प लिया है कि हमारा राष्ट्र फिर कभी फासीवाद के अंधेरे दिनों में वापस नहीं जाएगा और बांग्लादेश कभी भी किसी का कठपुतली राज्य नहीं बनेगा। हसीना और उनके माफिया को बांग्लादेश की राजनीति में कभी जगह नहीं मिलेगी।

    पिछले दो साल से भारत में हैं शेख हसीना

    सनद रहे कि पिछले दो वर्षों से भारत में निर्वासित जीवन बीता रही पूर्व पीएम हसीना ने ऐलान किया है कि वह दिसंबर, 2026 में ढाका लौटेंगी। उन्होंने कहा था कि जेल में डाल दें या मार दें, फिर भी लौटूंगी। मुझे अपने भविष्य की चिंता नहीं, देश की चिंता है। मेरी वापसी सिर्फ सत्ता के लिए नहीं, बांग्लादेश को प्रगति और स्थिरता पर लाने के लिए है। धर्मनिरपेक्षता बहाल करनी है।

    इसी आयोजन में शेख हसीना के पुत्र साजिब वाजेद जाय ने कहा कि बांग्लादेश एक दूसरा पाकिस्तान बन गया है जो भारत के लिए काफी चिंता की बात है। वहां आतंकवादी संगठन खुलेआम घूम रहे है। भारत के पूर्वी सीमा पर एक नया पाकिस्तान बन गया है जो दक्षिण एशिया और पूरी दुनिया के लिए खतरा बन सकता है।