'जैसे कोई बम फटा हो', कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में जंगल की आग से हाहाकार; इमरजेंसी घोषित
पश्चिमी कनाडा में तेजी से फैल रही जंगल की आग के कारण 20,000 से अधिक लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। ब्रिटिश कोलंबिया की ओकानागन झील के पास कई घर आग ...और पढ़ें

कनाडा के जंगलों में लगी भीषण आग।
HighLights
पश्चिमी कनाडा में 20,000 से अधिक लोगों का विस्थापन।
ब्रिटिश कोलंबिया में तेजी से फैली जंगल की आग।
ओकानागन झील के पास कई घर हुए नष्ट।
डिजिटल डेस्क, वैंकूवर। ब्रिटिश कोलंबिया में तेजी से फैल रही जंगल की आग से हाहाकार मचा हुआ है। इस आग के रातों-रात दोगुना होने के बाद शनिवार को इमरजेंसी घोषित कर दी गई। पश्चिमी कनाडा के इस प्रांत में हजारों लोगों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है।
बाल्ड रेंज वाइल्डफायर तेजी से फैलकर लगभग 9,500 हेक्टेयर (23,500 एकड़) तक पहुंच गई और बेकाबू हो गई। इसके कारण ब्रिटिश कोलंबिया के दक्षिणी अंदरूनी इलाके में ओकानागन झील के पश्चिम में स्थित समरलैंड, पीचलैंड और अन्य इलाकों में लोगों को जगह खाली करने के आदेश दिए गए।
20 हजार लोगों को छोड़ने पड़े अपने घर
यह इलाका ब्रिटिश कोलंबिया के ज्यादातर अंगूर के बागों (वाइनयार्ड) का घर है और कनाडा का दूसरा सबसे बड़ा वाइन बनाने वाला क्षेत्र है। अधिकारियों ने बताया कि इस आग की वजह से प्रांत में गर्मियों के दौरान अब तक का सबसे बड़ा निकासी अभियान चलाना पड़ा है, जिसमें ब्रिटिश कोलंबिया में 20,000 से ज्यादा लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं।
'जैसे कोई बम फटा हो'
इमरजेंसी की स्थिति प्रांतीय सरकार को तुरंत विशेष अधिकार देती है, जिसमें यात्रा पर पाबंदी लगाना, सामान की कीमतों में मनमानी बढ़ोतरी को रोकना और आपातकालीन व बचाव कार्यों में तालमेल बिठाना शामिल है। ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आग बुझाने वाले एक अधिकारी ने इस आग को बम फटने जैसा बताया है।
खबरें और भी
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, एबी ने बताया, "उन्होंने 100 फीट ऊंचे पेड़ पर आग की लपटों और उनसे 200 फीट ऊपर तक उठती लपटों का जिक्र किया। साथ ही, आग अपना खुद का मौसम सिस्टम बना रही थी, जिससे बिजली कड़क रही थी और आग और तेज हो रही थी।" एबी ने आगे कहा, "कई घर और संपत्तियां जलकर खाक हो गईं। हालात तेजी से बदलने के कारण कुछ लोग फंस गए थे, जिन्हें बचाना पड़ा।"