यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 04, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इमरान खान पर हुए हमले को पाक गृह मंत्री ने बताया धार्मिक उग्रवाद, स्थिति को बताया चिंताजनक
पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने इमरान खान पर हमले को धार्मिक उग्रवाद बताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी खान को दुश्मन नहीं बल्कि र ...और पढ़ें

इस्लामाबाद, प्रेट्र: पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने इमरान खान पर हमले को धार्मिक उग्रवाद बताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि, उनकी पार्टी खान को दुश्मन नहीं बल्कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानती है। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इमरान खान हमला करने वाला व्यक्ति चरमपंथी मालूम पड़ता है।
आरोपी का बयान लीक होने पर जताई चिंता
सनाउल्लाह ने कहा कि हमलावर के जो वीडियो जारी किए गए हैं, उसमें वो बहस करते हुए नजर आ रहा है। सरकार आरोपी से संबंधित कंटेंट सोशल मीडिया साइटों से हटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, वीडियो में आरोपी के बयान बहुत ही चिंताजनक और खतरनाक हैं। इस तरह के आरोप पहले भी लगाए गए थे। वीडियो वायरल होने के बाद, यह आशंका है कि इस तरह के बयानों को और हवा दी जाएगी।
मामले में एफआईआर को लेकर भी उठाए सवाल
सनाउल्लाह ने मामले में एफआईआर दर्ज करने में देरी पर भी सवाल उठाए और अपराध स्थल से हिरासत में लिए गए संदिग्ध के बयान के लीक होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने इमरान से उनकी सुरक्षा के साथ-साथ व्यवहार की समीक्षा करने का अनुरोध किया है। कहा की सरकार लंबे मार्च को रोकना नहीं चाहती थी, लेकिन इन मामलों को ध्यान में रखना जरूरी है। वहीं, देश के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने नेशनल असेंबली को संबोधित करते हुए कहा कि खान पर हमले का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है।
मामले पर राजनीति करने की कोशिश
उन्होंने कहा कि, सरकार और सैन्य अधिकारियों का नाम लेकर पूरे मामले को एक अज्ञात क्षेत्र की ओर धकेला जा रहा है। अनुरोध किया कि इस घटना को राजनीति का शिकार मत बनाओ। एक संयुक्त जांच दल का गठन करें। लेकिन अगर इस घटना का इस्तेमाल किसी व्यक्ति या संस्था को बदनाम करने के लिए किया जा रहा है तो मैं इसकी निंदा करता हूं।