रूस के हमले में चार यूक्रेनी नागरिकों की मौत, जवाबी कार्रवाई में दो रूसी रिफायनरी बनीं निशाना
रूस के ताजा मिसाइल और ड्रोन हमले में कीव के उपनगर में चार यूक्रेनी नागरिक मारे गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है, जबकि चार घायल हुए। ...और पढ़ें

रूस के हमले में चार यूक्रेनी नागरिकों की मौत। (फाइल)
HighLights
रूसी हमले में कीव उपनगर में चार यूक्रेनी नागरिक मारे गए।
यूक्रेन ने रूस की दो तेल रिफाइनरियों पर ड्रोन हमला किया।
यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइलों की कमी से रूसी हमले रोकना मुश्किल।
डिजिटल डेस्क, मॉस्को। यूक्रेन की राजधानी कीव के उपनगर में रूस के ताजा मिसाइल व ड्रोन हमले में चार लोग मारे गए हैं और चार घायल हुए हैं। मरने वालों में तीन साल का एक बच्चा भी शामिल है।
शुक्रवार-शनिवार रात जवाबी ड्रोन हमले में यूक्रेन ने रूस की एक और आयल रिफायनरी को निशाना बनाया। इस हमले से रिफायनरी में आग लग गई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया है कि रूस के भेजे 151 ड्रोन में से 135 को मार गिराया गया लेकिन छह बैलेस्टिक और गाइडेड मिसाइलों को नहीं रोका जा सका।
रूसी मिसाइलों को रोकने वाले अमेरिकी पैट्रियट डिफेंस सिस्टम की इंटरसेप्ट मिसाइलों की यूक्रेन के पास कमी हो गई है। इसी के चलते यूक्रेन रूसी मिसाइलों को नहीं रोक पा रहा है। जेलेंस्की के बार-बार के अनुरोध के बावजूद अमेरिका और अन्य सहयोगी देश यूक्रेन को इन मिसाइलों की आपूर्ति नहीं कर रहे हैं।
माना जा रहा है कि ईरान युद्ध में इंटरसेप्ट मिसाइलों के इस्तेमाल से अमेरिका के पास इन मिसाइलों की कमी हो गई है इसलिए वह यूक्रेन को इनकी आपूर्ति नहीं कर रहा है। यूक्रेन के ताजा हमले में रूस के क्रैस्नोडर क्षेत्र में स्थित इल्स्की आयल रिफायनरी में आग लग गई है।
रूसी अधिकारियों ने बताया है कि आकाश में नष्ट किए गए यूक्रेनी ड्रोन का जलता हुआ मलबा रिफायनरी पर गिरने से आग लगी है। इसके चलते रिफायनरी में कार्यरत छह लोग घायल भी हुए हैं। यूक्रेन ने दावा किया है कि उसके हमले में रूस के सामरा क्षेत्र में भी एक रिफायनरी को नुकसान हुआ है। क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव फेदोरिश्चेव ने हमले की पुष्टि की है लेकिन एक औद्योगिक आस्थान पर हमला बताया है।
खबरें और भी
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)