लंदन में ईरान समर्थित आतंकी गुट ने यहूदी संगठन की चार एंबुलेंस फूंकीं, पीएम ने बताया यहूदी विरोधी हमला
लंदन के गोल्डर्स ग्रीन में यहूदी समुदाय की चार एंबुलेंस में आग लगा दी गई। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इसे यहूदी विरोधी आगजनी हमला बताया। ...और पढ़ें

लंदन में यहूदी स्वयंसेवी संगठन की चार एंबुलेंस में आगजनी। (सोशल मीडिया)
HighLights
लंदन में यहूदी समुदाय की चार एंबुलेंस में आग लगाई गई।
ब्रिटेन के पीएम ने इसे यहूदी विरोधी आगजनी हमला बताया।
ईरान समर्थित आतंकी समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लंदन में सोमवार को यहूदी समुदाय से संबंधित संगठन की चार एंबुलेंस में आग लगा दी गई। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इसे चौंकाने वाला यहूदी विरोधी आगजनी हमला बताया है।
रॉयटर्स ने एसआइटीई इंटेलिजेंस वेबसाइट के हवाले से बताया कि ईरान समर्थित बहुराष्ट्रीय आतंकी समूह, इस्लामिक मूवमेंट आफ द पीपल ऑफ द राइट हैंड ने गोल्डर्स ग्रीन में यहूदी प्रार्थना स्थल के पास हुए इस हमले की जिम्मेदारी ली है।मेट्रोपालिटन पुलिस बल ने कहा कि सोमवार तड़के लंदन के गोल्डर्स ग्रीन इलाके में आगजनी की सूचना मिली। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में यहूदी लोग रहते हैं।
लंदन फायर ब्रिगेड ने बताया कि आपातकालीन चिकित्सा सहायता प्रदान करने वाले स्वयंसेवी संगठन हत्जोला नार्थवेस्ट की चार एंबुलेंस को नुकसान पहुंचा है। वाहनों में लगे कई सिलेंडर फट गए, जिससे निकटवर्ती अपार्टमेंट ब्लाक की खिड़कियां टूट गईं। किसी के घायल होने की खबर नहीं है और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है। आग पर काबू पा लिया गया है।
आशंका है कि यह धृणा अपराध का मामला है। हत्जोला ब्रिटेन की स्वास्थ्य सेवा के साथ मिलकर काम करता है। पुलिस अधीक्षक सारा जैक्सन ने कहा, अधिकारी जांच करने के लिए घटनास्थल पर हैं।
पुलिस तीन संदिग्धों की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। आसपास के घरों को एहतियात के तौर पर खाली कराया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। रायटर के अनुसार लंदन स्थित इजरायली दूतावास ने कहा कि आगजनी की घटनाएं फलस्तीनियों के समर्थन में वर्षों से चल रहे उकसावे और धमकी के बाद हुईं। दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया, बहुत हो गया। चुप रहना और निष्कि्रयता अब कोई विकल्प नहीं है।
गौरतलब है कि 2023 में इजरायल-हमास युद्ध की शुरुआत के बाद से ब्रिटेन में यहूदी विरोधी घटनाओं की संख्या में वृद्धि हुई है। यहूदी समुदाय की सुरक्षा के लिए काम करने वाले कम्युनिटी सिक्योरिटी ट्रस्ट के अनुसार 2025 में यहूदी विरोधी 3,700 घटनाएं दर्ज कीं गई, जो 2022 में 1,662 थीं।
खबरें और भी
अक्टूबर 2025 में, हमलावर ने मैनचेस्टर के सिनेगाग के बाहर यहूदी त्योहार यों किप्पुर का जश्न मनाने के लिए जुटे लोगों पर कार चढ़ा दी और एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। हमले के दौरान एक अन्य व्यक्ति की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)