विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 13, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रोहतास में कोर्ट गेट के पास बाइक की डिक्की में रखा बम फटा, एक की मौत, दो जख्मी

By Pramod PandeyEdited By:
Published: Wed, 13 Jul 2016 02:00 PM (IST)Updated: Wed, 13 Jul 2016 11:27 PM (IST)

रोहतास कोर्ट परिसर के गेट पर बुधवार की दोपहर में बम विस्फोट से अफरातफरी का आलम रहा। विस्फोट पार्किंग में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

रोहतास [जेएनएन]। जिला मुख्यालय सासाराम में सिविल कोर्ट परिसर के समीप बुधवार को पुरानी जीटी रोड पर चलती बाइक में हुए बम विस्फोट से बाइक सवार की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। मृतक सचिन कुमार उर्फ गुड्डु भारतीगंज-करपुरवा का निवासी था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी का आलम रहा।

जिला जज पीसी जायसवाल ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा के विंदुओं पर समीक्षा की। वहीं एसपी एमएस ढिल्लों ने भी घटनास्थल का दौरा कर घायलों से घटनाक्रम की जानकारी ली। भाजपा नेता सुशील मोदी ने कोर्ट परिसर के पास बम विस्फोट की घटना की निंदा की है। विगत 11 मार्च को भी परिसर के पास बाइक की डिक्की में विस्फोट हुआ था। इस बीच घटना के बाद विभिन्न टीमों ने जांच शुरू कर दी है। श्वान दस्ता के साथ फॉरेंसिक टीम भी वहां पहुंची है। बम निरोधक दस्ते के भी पहुंचने की खबर है।

दूर तक सुनी गई आवाज

बुधवार की दोपहर हुए विस्फोट की आवाज दूर तक सुनी गई। इसके साथ ही लोग इधर-उधर भागने लगे। घटनास्थस के पास से डेटोनेटर का तार बरामद हुआ है। एएसपी सुशांत सरोज के नेतृत्व में गठित टीम ने इस मा्मले की गहन तहकीकात शुरू कर दी है। एसपी एमएस ढिल्लो ने बताया कि दोपहर बाद लगभग 1.50 बजे सचिन अपनी बाइक से कोर्ट परिसर के सामने जीटी रोड से गुजर रहा था। तभी उसकी बाइक (संख्या बीआर 24 एम 7172) में सीट के नीचे रखा बम ब्लास्ट कर गया।

जहां विस्फोट हुआ वहां आसपास ही दो लोग खड़े थे जो गंभीर रुप से घायल हो गए। इनकी पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के मचवार निवासी शिवरतन बिंद व सुपौल जिला पुलिस बल के हवलदार तथा कैमूर जिला के कुदरा थानांतर्गत गोरा निवासी श्री पासवान के रूप में हुई है।

घटना के बाद कोर्ट परिसर के पास अफरातफरी के माहौल में ही तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन बाइक सवार सचिन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में एसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया तथा सदर अस्पताल में इलाजरत घायलों से पूछताछ कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल से बाइक के पास डेटोनेटर का तार बरामद होने की पुष्टि की है।

पढ़ेंः कुख्यात मुकेश पाठक को हासिल था बिहार के दो बड़े नेताओं का संरक्षण

एसपी ने बताया कि मृतक सचिन के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है। बाइक में बम कैसे व किसने रखा, उसकी मंशा क्या थी इस बारे में भी जांच चल रही है। सचिन के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। इस हादसे में घायल पुलिस के हवलदार श्री पासवान ने कहा कि वह कोर्ट के काम से यहां आए थे। सड़क पार करने के लिए आगे बढ़ ही रहे थे कि तेज विस्फोट हुआ। उन्हें लगा कि किसी ने उनपर गोली चला दी। इसके बाद वह जमीन पर गिर पड़े। बाद में उन्हें अस्पताल में पहुंचाया गया।

इस घटना के बाद जिला जज पीसी जायसवाल ने अधिकारियों के साथ सुरक्षा ङ्क्षबदुओं पर समीक्षा की। ज्ञातव्य हो कि 11 मार्च को भी न्यायालय परिसर के समीप ही एक अधिवक्ता लिपिक की बाइक में बम विस्फोट हुआ था।तब प्रशासन ने परिसर की सुरक्षा कड़ी करने की बात कही थी।

पढ़ेंः बिहारः आठ चिकित्सकों से मांगी 80 लाख की रंगदारी, अस्पताल उड़ाने की भी धमकी

श्वान दस्ते ने भी की पड़ताल

डाग स्क्वायड की टीम ने कोर्ट परिसर के समीप घटनास्थल की जांच की। इस दौरान टीम ने घटनास्थल के आसपास के चप्पे-चप्पे को खंगाला। सड़क के किनारे अवस्थित दुकानों व कूड़े के ढेरमें भी सघन जांच की। इस दौरान डाग स्क्वायड की कार्रवाई देखने को घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

अधिवक्ताओं का कहना है कि घटना होने पर ही कोर्ट की सुरक्षा की याद पुलिस अधिकारियों को आती है। उसके बाद पुलिस के चाक चौबंद सुरक्षा के दावे धरे रह जाते हैं। विगत 11 मार्च को भी कोर्ट परिसर के समीप एक अधिवक्ता लिपिक की बाइक में बम विस्फोट की घटना घटी थी। उस घटना की याद अभी धुमिल भी नहीं पड़ी कि इस नई घटना ने कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। उस समय भी कोर्ट गेट के समीप बाइक स्टैंड गेट के पास से हटाने का निर्देश दिया गया था। साथ ही सघन जांच आदि की भी बात कही गई थी।

विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

सासाराम में ब्लास्ट को लेकर विपक्ष ने नीतीश सरकार पर हमला किया है। केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर नीतीश कुमार से कहा है कि अब तो स्वीकार कर लें कि बिहार में सुशासन नहीं है। कोर्ट परिसर के पास विस्फोट पर भाजपा नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि यह ब्लास्ट बिहार में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का परिणाम है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।