विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 19, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'पीके' के ये 10 राज आपको भी कर देंगे दंग!

By Monika SharmaEdited By:
Published: Fri, 19 Dec 2014 09:16 AM (IST)Updated: Fri, 19 Dec 2014 10:02 AM (IST)

आमिर खान की फिल्‍म 'पीके' ने आज सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। फिल्म की रिलीज के लिए जितनी उत्साहित ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई। आमिर खान की फिल्म 'पीके' ने आज सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। फिल्म की रिलीज के लिए जितनी उत्साहित कास्ट और क्रू थी, उससे कहीं ज्यादा इंतजार दर्शकों को था। फिल्म के ट्रेलर और गानों को देखकर कोई भी अंदाजा नहीं लगा पाया कि फिल्म की कहानी क्या हो सकती है, जिसके चलते दर्शकों में फिल्म को लेकर ज्यादा उत्साह है। तो आइए हम आपको बताते हैं फिल्म से जुड़ी कुछ ऐसी अनोखी बातें, जिससे आपके अंदर फिल्म देखने की ललक और बढ़ जाएगी।

1. दोबारा लिखनी पड़ी थी पीके की कहानी

खुद फिल्म के निर्देशक राजकुमार हिरानी ने बताया था कि उन्होंने दिल से 'पीके' की कहानी लिखी थी। लेकिन एक जानकार ने उन्हें बताया कि उनकी कहानी हॉलीवुड फिल्म 'इंसेप्शन' से मिलती है। हिरानी को अहसास हुआ कि उनकी सारी मेहनत बेकार गई और उन्हें फिल्म की कहानी दोबारा लिखनी पड़ी।

2. दूसरों से मांग कर पहने आमिर ने कपड़े

आपको ये जानकर हैरानी होगी कि फिल्म में आमिर ने पुराने कपड़े पहने है और ये जानकर ज्यादा हैरानी होगी कि वो कपड़े उनके नहीं थे। जी हां, फिल्म की टीम ने अंजान लोगों को नई शर्ट ऑफर करके उनकी पुरानी शर्ट्स ली थी। ऐसा पीके के किरदार को वास्तविक दिखाने के लिए किया गया था।

3. पांच साल लटकी रही 'पीके'

कम लोग जानते हैं कि 'पीके' पांच सालों तक लटकी रही। इसकी एक वजह थी कि फिल्म की स्क्रिप्ट एक अंग्रेजी फिल्म से मिलती थी। दूसरी वजह थी फिल्म के नाम में हुआ बार-बार बदलाव। पहले इसका नाम 'एक था टल्ली' रखा गया लेकिन फिर इसे 'टल्ली' कर दिया गया क्योंकि उसके आसपास सलमान खान की 'एक था टाइगर' रिलीज हुई थी। फिर इसका नाम 'पीके' (PeeKay) रख दिया गया, फिर हिरानी ने इसका नाम 'पीके'(pk) कर दिया। फिल्म का नाम 'पीके' होने के बावजूद फिल्म में एंटी-ड्रिंकिंग वॉर्निंग नहीं होगी। पिछले दिनों सेंसर बोर्ड ने शाहरुख खान की फिल्म 'हैप्पी न्यू ईयर' में एंटी-ड्रिंकिंग वॉर्निंग डालने का आदेश दिया था। आमिर खान ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि इससे फिल्म की क्रिएटिविटी प्रभावित होती है।

4. आमिर ने एक दिन में खाए 100 पान

फिल्म में आमिर का किरदार पीके बेहद दिलचस्प लग रहा है। आपने देखा होगा कि पीके ट्रेलर के हर सीन में पान चबाते नज़र आता है। आमिर किरदार को वास्तविक बनाने के लिए एक दिन में 100 पान तक खा जाते थे। इसके लिए सेट पर ही एक पान वाला होता था।

5. रणबीर की वजह से अनुष्का को मिली 'पीके'

राजकुमार हिरानी ने अनुष्का शर्मा की फिल्म 'बैंड बाजा बारात' देखी थी। हिरानी को अनुष्का का काम बेहद पसंद आया था। 2011 में अनुष्का रणबीर कपूर की फिल्म रॉकस्टार के ट्रायल के लिए पहुंची। यहीं अनुष्का की मुलाकात हिरानी से हुई और निर्देशक ने उन्हें 'पीके' ऑफर कर दी। यानी कह सकते हैं कि अनुष्का को 'पीके' मिलने में कहीं न कहीं रणबीर कपूर का बड़ा हाथ रहा।

6. रिलीज होते ही ये रिकॉर्ड बना देगी पीके

सुनने में आ रहा है कि आमिर खान की फिल्म 'पीके' करीब 5,200 स्क्रीन्स पर रिलीज होगी। इसके साथ ही ये भारत में रिलीज होने वाली सबसे बड़ी फिल्म बनने जा रही है। विदेशों में भी पीके 820 स्क्रीन्स पर रिलीज होगी।

7. आमिर का नाम

पीके में आमिर के किरदार का नाम पुनमिया कुशाल है। हिरानी की फिल्मों में किरदारों के नाम अक्सर अटपटे और अनोखे होते हैं। इससे पहले हिरानी ने '3 इडियट्स' में आमिर के किरदार का नाम रणछोड़दास श्यामलदास छांछड़ रखा था। 'पीके' में अनुष्का शर्मा का नाम भी जगत जननी है और फिल्म में आमिर उन्हें प्यार से जग्गू बुलाते हैं।

8. चोर बाजार से खरीदा था 'पीके' का ट्रांजिस्टर

'पीके' के आमिर के न्यूड पोस्टर में सबसे ज्यादा चर्चा उनके ट्रांजिस्टर ने बटोरी। इस ट्रांजिस्टर की ऑनलाइन बोली लगाई गई है और इसके लिए डेढ़ करोड़ रुपये का ऑफर आया। जबकि बताया जा रहा है कि इसे मुंबई के चोर बाजार से महज 227 रुपये में खरीदा गया था।

9. आग में स्वाहा हुए 'पीके' के सीन्स

कुछ महीने पहले मुंबई के लोटस बिजनेस पार्क में लगी आग में 'पीके' के सीन्स से जुड़ा सारा बैकअप जल गया था। सूत्रों के मुताबिक फिल्म के कुछ स्पेशल इफेक्ट्स सीन्स इस आग में नष्ट हो गए और उनका कोई बैक-अप भी नहीं था। ऐसे में फिल्म के स्पेशल इफेक्ट्स सीन्स पर दोबारा काम करना पड़ा।

10. यहां से चुराया गया न्यूड होने का आइडिया

1973 में पुर्तगाली म्यूजिशियन क्वीम बैरियर्स ने भी ठीक इसी तरह से अपने एलबम को प्रमोट किया था। वे भी हाथों में म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट लेकर न्यूड हुए थे। आमिर खान भी फिल्म के पोस्टर में इसी हालत में नजर आ रहे हैं। बस उनके हाथों में म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट की जगह रेडियो है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।