विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शिवपाल ने कहा था अखिलेश को 2014 के बाद सीएम बनाओ

By Nawal MishraEdited By:
Published: Sat, 17 Sep 2016 11:21 PM (IST)Updated: Sun, 18 Sep 2016 06:41 PM (IST)

युवा ब्रिगेड आंदोलन से बिफरे मुलायम सिंह यादव ने कहा कि पार्टी खून से सींचा है तमाशा बर्दाश्त नहीं कर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। समाजवादी परिवार का घमासान नियंत्रित करने का फार्मूला सुझाने के बाद भी युवा ब्रिगेड के आंदोलन से बिफरे मुलायम सिंह यादव ने कहा कि पार्टी को खून से सींचा है तमाशा बर्दाश्त नहीं कर सकता। कहा कि मुख्यमंत्री ने बिना पूछे शिवपाल के विभाग वापस किये यह ठीक नहीं था।

मुलायम के फैसले के खिलाफ कार्यकर्ता, सीएम अखिलेश के समर्थन में नारेबाजी

समाजवादी पार्टी के लोहिया सभागार पहुंचे मुलायम सिंह ने कहा कि वर्ष 2012 में बहुमत मिलने के बाद जब अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा गया, तब शिवपाल यादव ने मुखर होकर कहा था कि उन्हें 2014 के बाद मुख्यमंत्री बनाया जाए वरना लोकसभा चुनाव में कामयाबी नहीं मिलेगी।

उनकी बात सच हो गई। शिवपाल की सुनी होती तो मैं प्रधानमंत्री होता। 2014 के चुनाव में हश्र क्या हुआ? सिर्फ पांच सीट मिली। अगर अखिलेश को मुख्यमंत्री न बनाता तो वह कभी न बन पाते। शिवपाल के संघर्षों को भुलाया नहीं जा सकता है।

वह लखनऊ के अलीगंज में पुलिस से छिपकर रहते थे, शाम को आते थे। इस बीच अखिलेश के पक्ष में नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं को डपटते हुए कहा कि वह मेरा बेटा है, तुम उसकी फोटो मुझे दिखा रहे हो, उसके दर्द और बेहतरी मुझसे ज्यादा चाहते हो। चापलूसी करने आए हो, सिखा कर भेजा गया है। मुलायम यहीं नहीं रुके बल्कि बीमारी के दौरान मुख्यमंत्री कई दिन बाद उन्हें देखने जाने पर मलाल भी जताया।

देखे तस्वीरें : मुलायम के फैसले के खिलाफ सड़क पर कार्यकर्ता

अमर ने सीबीआइ से बचाया

एक कार्यकर्ता ने जब खड़े होकर अमर सिंह को बाहर निकालने की बात उठाई तो मुलायम सिंह ने उसे डपट दिया कि अमर के बारे में क्या जानते हो? वह उस वक्त साथ थे जब पार्टी के लोग साथ छोड़ रहे थे। कांग्रेस ने मेरे खिलाफ सीबीआइ जांच कराई तब अमर सिंह ने मदद की थी।

अखिलेश, रामगोपाल व शिवपाल के बीच कोई झगड़ा नहीं : मुलायम

मुख्यमंत्री के काम को सराहा

मुलायम सिंह ने मुख्यमंत्री के विकास कार्यों को सराहा। कहा कि दवाई, पढ़ाई, सिंचाई मुफ्त की है, वह मेरी सरकार की योजना लागू कर रहा है। मेट्रो बना रहा मगर सिर्फ लखनऊ मेट्रो से क्या होगा। अगली बार सरकार बनेगी तो लखनऊ-कानपुर और लखनऊ-फैजाबाद तक मेट्रो बनायेंगे।

मुलायम ने शिवपाल का इस्तीफा फेंका, शिवपाल व मुलायम के बीच बैठक

भाजपा से टक्कर

युवा ब्रिगेड की नारेबाजी पर भड़के मुलायम ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के लोग बूथों पर जाकर चुनावी तैयारी कर रहे हैं और तुम लोग यहां आकर तमाशा कर रहे हो। मैं गुजरात जाकर नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोला, संसद में उन्हें मानवता का हत्यारा कहा, वह प्रधानमंत्री बने तब भी संसद में कहा कि झूठे सपने दिखाकर लोगों को ठग लिया।

फिर भी मोदी ने कहा कि देश में नेताजी से ज्यादा समझदार नेता नहीं है। मुख्यमंत्री की ओर इशारा करते हुए कहा कि बड़े पदों पर बैठे लोगों को दिल बड़ा रखना चाहिए और धैर्य होना चाहिये। चुनाव में भाजपा से मुकाबला है, एकजुट होकर सरकार बनाने को जुटें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।