विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 20, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फ्रांस नहीं जाना चाहता है पेरिस हमलों का वांछित

By Sachin BajpaiEdited By:
Updated: Sun, 20 Mar 2016 09:12 AM (IST)

पेरिस हमलों का मुख्य वांछित सलाह अब्देसलाम फ्रांस नहीं जाना चाहता है। फ्रांस की प्रत्यर्पण याचिका को उसने चुनौती देने का फैसला किया है।

News Article Hero Image

ब्रसेल्स । पेरिस हमलों का मुख्य वांछित सलाह अब्देसलाम फ्रांस नहीं जाना चाहता है। फ्रांस की प्रत्यर्पण याचिका को उसने चुनौती देने का फैसला किया है। 26 वर्षीय आतंकी के वकील श्वेन मेरी ने शनिवार को यह जानकारी दी। मेरी ने बताया कि उसने 13 नवंबर को पेरिस में रहने की बात कुबूली है। इसी दिन हुए हमलों में उसके एक भाई ने खुद को उड़ा लिया था।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद की ओर से उसकी जल्द से जल्द प्रत्यर्पण की इच्छा जताने के बाद मेरी का बयान सामने आया है। कानूनी जानकारों के अनुसार यह दांव अब्देसलाम को प्रत्यर्पण से बचा नहीं सकता। लेकिन, इससे उसके जल्द से जल्द फ्रांस को सौंपे जाने की प्रक्रिया जरूरी प्रभावित होगी। इससे पहले उसे अस्पताल से ब्रुग्स के अति सुरक्षित जेल में ले जाया गया। यहां बेल्जियम के अधिकारियों ने उससे घंटों पूछताछ की थी। उस पर आतंकवाद के आरोप तय किए गए हैं। उसे शुक्रवार को ब्रसेल्स से सटे मोलेनबीक से चार साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। जिस अपार्टमेंट से उसकी गिरफ्तारी हुई वह उसके मां-बाप के घर के करीब है।

पेरिस आतंकी हमले को अंजाम देने वाला अब्देल है समलैंगिक!

13/11 के हमलों के बाद पुलिस को चकमा देते हुए वह ब्रसेल्स में घुसा था। नवंबर के अंत में उसके सीरिया भाग जाने की खबर आई थी। ऐसे में यह साफ नहीं है कि वह ब्रसेल्स लौटा था या कभी यहां से भागा ही नहीं। हमलों के बाद बेल्जियम में बड़े पैमाने पर संदिग्धों की गिरफ्तारी की गई थी। लेकिन, उसके बारे में कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

गौरतलब है कि पेरिस हमलों में 130 लोगों की मौत हो गई थी। इसकी जिम्मेदारी आइएस ने ली थी। हमलों में शामिल केवल दो आतंकी ही भागने में सफल रहे थे। इनमें से एक अब्देलसलाम भी था। हमलों के बाद उसने पेरिस की एक दुकान से सिम खरीदा था। इससे उसने ब्रसेल्स में अपने दोस्तों से बात की। इसके बाद वह पेरिस में करीब नौ घंटे तक घूमता रहा। उसके दोस्त जब गाड़ी लेकर पेरिस पहुंचे तो वह ब्रसेल्स के लिए निकला। इस दौरान दो नाकों पर उसकी गाड़ी को रोका गया, पर किसी को शक नहीं हुआ। हमले के एक दिन बाद उसे उत्तरी ब्रसेल्स में भी देखा गया था। इसके बाद से उसकी कोई खबर नहीं थी।

ऐसे पकड़ा गया

मोलेनबीक में मंगलवार को एक अपार्टमेंट में कार्रवाई के दौरान अब्देसलाम के फिंगरप्रिंट मिले थे। इसके बाद पुलिस ने 48 घंटे तक घर पर नजर रखी और फिर धावा बोला। छापेमारी के दौरान हुई गोलीबारी में अब्देसलाम और उसके एक साथी को मामूली चोटें आई। पुलिस ने अपार्टमेंट में छुपे संदिग्धों को पकड़ने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया। यूरोप के सर्वाधिक वांछित को पकड़ने का जब यह नाटकीय घटनाक्रम चल रहा था उस समय ओलांद ब्रसेल्स में ही थे।

ओबामा ने अबदेसलाम की गिरफ्तारी बेल्जियम व फ्रांस को दी बधाई

ओबामा ने की सराहना

अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अब्देसलाम की गिरफ्तारी के लिए फ्रांस और बेल्जियम की सराहना की है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, 'ओबामा ने बेल्जियम की सुरक्षा सेवाओं को बधाई दी और दो देशों के बीच सहयोग से हुई इस कार्रवाई की सराहना की।' ओबामा ने दोहराया कि अमेरिका आतंकवाद के खिलाफ बेल्जियम और फ्रांस के साथ है।