यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 03, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पुरानी रंजिश के चलते ढाबे में खाना खा रहे युवक पर किया हमला
हरिद्वार जिले के रुड़की में एक ढाबे में खाना खा रहे एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के युवकों ने हमला कर दिया। जिसमें युवक घायल हो गया।

रुड़की, [जेएनएन]: ढाबे में खाना खा रहे एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के युवकों ने हमला कर दिया। जिसमें युवक घायल हो गया। उसे बचाने आये ढाबा कर्मचारियों से भी अभद्रता की गई। साथ ही ढाबे में भी तोड़फोड़ का प्रयास किया गया।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर निवासी अतुल का कुछ युवकों से किसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। इसके चलते ही दूसरे पक्ष के युवक उससे रंजिश रखते हैं। मंगलवार रात को युवक दिल्ली-देहरादून स्थित एक ढाबे पर खाना खाने के लिए गया था। इसी बीच वहां पर करीब आठ युवक आ धमके।
इन युवकों ने अतुल से गाली गलौज कर दी। अतुल ने विरोध जताया तो मारपीट कर दी। जिसमें अतुल घायल हो गया। ढाबा कर्मचारियों ने भी उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी उनके साथ मारपीट पर उतारू हो गये और ढाबे में तोड़फोड़ का प्रयास किया।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही आरोपी भाग खड़े हुए। अतुल ने इस गंगनहर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि तीन हमलावरों को वह जानता है जबकि अन्य पांच युवक अनजान थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं दोनों पक्षों में सुलह के प्रयास भी हो रहे हैं।

