Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नेपाल में तनाव, बिहार के अररिया में अलर्ट: सीमावर्ती गांवों में DM-SP ने डाला डेरा, सुरक्षा चाक-चौबंद

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 07:14 PM (IST)

    नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा के बाद अररिया से सटी भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। डीएम और एसपी ने सीमावर्ती गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से ...और पढ़ें

    नेपाल में तनाव, अररिया में अलर्ट: सीमावर्ती गांवों में DM-SP ने डाला डेरा, सुरक्षा चाक-चौबंद

    नेपाल में तनाव, अररिया में अलर्ट: सीमावर्ती गांवों में DM-SP ने डाला डेरा, सुरक्षा चाक-चौबंद

    HighLights

    1. भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।

    2. डीएम-एसपी ने ग्रामीणों से शांति की अपील की।

    3. एसएसबी, बिहार पुलिस की गश्त बढ़ाई गई।

    संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज-कप्तानगंज में सांप्रदायिक हिंसा के बाद नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र से सटे भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हालात को देखते हुए डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेंद्र कुमार ने सोमवार को फुलकाहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर, कोशिकापुर, घुरना, बसमतिया एवं बेला समेत सीमावर्ती गांवों का दौरा कर ग्रामीणों के साथ बैठक की।

    बैठक में अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। डीएम और एसपी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं दें और यदि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस, एसएसबी या प्रशासन को दें।

    उन्होंने कहा कि अफवाहों पर विश्वास करने के बजाय केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत कर दी गई है।

    एसएसबी और बिहार पुलिस लगातार गश्त कर रही है तथा सीमावर्ती इलाकों की निगरानी बढ़ा दी गई है। आम लोगों से भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

    उधर, नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज-कप्तानगंज में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नेपाली सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। दोनों देशों के सुरक्षा बल स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। बैठक में सीमावर्ती गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, एसएसबी एवं पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

    अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सीमा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

    बैठक में डीएम, एसपी, फारबिसगंज एसडीपीओ, थानाध्यक्ष के अलावे नवाबगंज पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अरुण यादव, पूर्व मुखिया अरविंद यादव, पूर्व मुखिया संजय सिंह, समाजसेवी डॉ. अशोक यादव, लोजपा नेता ओमप्रकाश पोद्दार, राजद युवा नेता रानू यादव, जगदीश यादव, अभिषेक मेहता, अशोक यादव, ताराचंद पंडित, दिलीप यादव, सुमन यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

    खबरें और भी

    भ्रमण के दौरान डीएम एवं एसपी भवानीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का निरीक्षण किया।

    इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में भोजन कर रहे बच्चों से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात की, उनसे पढ़ाई एवं भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा विद्यालय की रसोई का निरीक्षण कर स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से भी मुलाकात कर उनकी अपेक्षाओं की जानकारी ली तथा भरोसा दिलाया कि प्रशासन जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे के समाधान के लिए संवेदनशील एवं तत्पर है। इस अवसर पर संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

    यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल बॉर्डर पर बोलबम यात्रा में बवाल, दो समुदायों में झड़प के बाद पुलिस ने की फायरिंग; एक की मौत