अररिया हत्याकांड: नबी हुसैन की हत्या से जोगबनी में आक्रोश, भारत-नेपाल सड़क मार्ग 5 घंटे रहा बाधित
फारबिसगंज में पिकअप चालक नबी हुसैन की गला रेतकर हत्या के बाद उनका शव जोगबनी के अमौना गांव पहुंचा, जहां मातम छा गया। नबी परिवार के एकमात्र कमाने वाले स ...और पढ़ें
HighLights
पिकअप चालक नबी हुसैन की फारबिसगंज में गला रेतकर हत्या।
शव जोगबनी पहुंचते ही परिवार व गांव में मातम, आक्रोश।
आक्रोशित ग्रामीणों ने भारत-नेपाल सड़क पांच घंटे तक बाधित की।
संवाद सूत्र, जोगबनी (अररिया)। फारबिसगंज के बाजार समिति में पिकअप चालक नबी हुसैन की गला रेतकर हुई हत्या के बाद शव जोगबनी नगर परिषद के अनौना वार्ड 20 स्थित गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में मातम छा गया। स्वजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया और गांव के लोगों की आंखें नम हो गईं।
स्वजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, नबी मिलनसार और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। किसी से उनकी कोई दुश्मनी नहीं थी। घटना से हर कोई स्तब्ध है।
स्वजनों ने बताया कि नबी परिवार का एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। पहले वह चालक के तौर पर काम करता था, बाद में एक पिकअप वैन लेकर फारबिसगंज सब्जी मंडी से सामान ढुलाई का काम करने लगा। इसी से परिवार का भरण-पोषण होता था।
मृतक के परिवार में कौन-कौन?
मृतक के परिवार में दो बेटे शाहनवाज (25) और शाहबाज (22) तथा एक बेटी नूरजहां (18) हैं। वहीं पत्नी नूरजहां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार कह रही हैं कि अब घर कैसे चलेगा। घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल भी था।
भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात
स्थिति को देखते हुए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी थी। फारबिसगंज डीएसपी मुकेश कुमार साह, अररिया एसडीपीओ फखरे आलम, जोगबनी थाना के विष्णु कांत कुमार और बथनाहा थाना प्रभारी राजवीर कुमार साहू समेत अन्य मौके पर मौजूद रहे।
खबरें और भी
इधर पूर्व विधायक जाकिर हुसैन खान, अनवर राज, जोगबनी के पूर्व मुख्य पार्षद प्रतिनिधि राजू राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि मृतक के घर पहुंचे और स्वजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
टायर जलाकर भारत-नेपाल सड़क मार्ग को पांच घंटा किया बाधित
फारबिसगंज के मार्केटिंग यार्ड गेट संख्या दो में गुरुवार को गला रेतकर निर्मम हत्या एवं भीड़ के द्वारा आरोपित की पीट-पीटकर हत्या की घटना के बाद जिले की पुलिस टीम एसपी जितेंद्र कुमार के साथ घटनास्थल पर मानिटरिंग करती रही।
वहीं भीड़ के द्वारा भारत नेपाल मुख्य सड़क मार्ग सुभाष चौक पर टायर जलाकर बाधित कर दिया। सड़क के दोनों ओर टायर जलाकर आक्रोशित लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन करने के कारण लगभग पांच घंटे तक सड़क मार्ग में यातायात ठप रहा।
हालांकि, एसपी एवं पुलिस बल के पहुंचने के बाद जब मृतक नबी हुसैन का शव उठाया गया। उसके बाद सड़क से जले हुए टायर को हटाया गया और यातायात सुचारू हुआ। इस दौरान सड़क मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।