Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीमांचल एक्सप्रेस में सीट को लेकर विवाद: पैंट्री कार कर्मचारियों ने अधिवक्ता और उनकी पत्नी को पीटा, 6 गिरफ्तार

    Updated: Mon, 01 Jun 2026 07:10 PM (IST)

    सीमांचल एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद में पैंट्री कार कर्मचारियों ने एक अधिवक्ता और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया, जिसमें अधिवक्ता घायल हो गए। ...और पढ़ें

    पैंट्री कार कर्मचारियों ने अधिवक्ता और उनकी पत्नी को पीटा, 6 गिरफ्तार

    पैंट्री कार कर्मचारियों ने अधिवक्ता और उनकी पत्नी को पीटा, 6 गिरफ्तार

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सूत्र, फारबिसगंज (अररिया)। आनंद विहार से जोगबनी के बीच चलने वाली सीमांचल एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार को फारबिसगंज पहुंचते-पहुंचते बड़े बवाल में तब्दील हो गया। ट्रेन में कथित रूप से एक यात्री दंपती के साथ हुई मारपीट के विरोध में आक्रोशित लोगों ने फुलवरिया हाट के समीप ट्रेन को रोककर जमकर प्रदर्शन किया।

    पैंट्री कार कर्मचारियों की दादागीरी का शिकार एक अधिवक्ता और उनकी पत्नी हुए। जनरल बोगी में कब्जा जमाकर यात्रियों से पैसे लेकर सीट देने के सवाल पर हुई कहासुनी में पैंट्री कार कर्मचारियों ने अधिवक्ता और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे अधिवक्ता का सिर फट गया।

    इस दौरान उनका मोबाइल और महिला यात्री की सोने की चेन भी छीन ली गई। इतना ही नहीं, फारबिसगंज स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर उन्हें रिसीव करने पहुंचे दो भाइयों को भी पैंट्री कार कर्मचारियों ने ट्रेन के अंदर खींच लिया और उनके साथ भी मारपीट की।

    दंपती के साथ हुई कथित मारपीट से नाराज यात्रियों ने चेन पुलिंग कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि ट्रेन करीब 45 मिनट तक रुकी रही।

    इसके बाद मौके पर फारबिसगंज डीएसपी राजकिशोर प्रसाद, फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार, आरपीएफ प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह, जोगबनी आरपीएफ प्रभारी अनूप तिवारी, अररिया आरपीएफ इंचार्ज जगदीश रजक, जोगबनी जीआरपी प्रभारी दीपनारायण हेम्ब्रम और एएसआई के. एन. सिंह समेत भारी संख्या में जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस बल ने पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और छह पैंट्री कार कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया।

    खबरें और भी

    गिरफ्तार छह पैंट्री कार कर्मी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। फिलहाल उनसे फारबिसगंज आरपीएफ कार्यालय में पूछताछ की जा रही है।

    क्या है मामला?

    घटना की शुरुआत रविवार को उत्तर प्रदेश के दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से होने की बात बताई गई है। घटना को लेकर ढोलबज्जा (वार्ड संख्या आठ) निवासी घायल अधिवक्ता अबू शमा ने बताया कि उनकी पत्नी नुसरत प्रवीण उत्तर प्रदेश के चंदौली स्थित सकलडीहा इंटर कॉलेज में बीएड की परीक्षा देने गई थीं।

    परीक्षा के बाद आरक्षित (रिजर्वेशन) टिकट नहीं मिलने पर वे जनरल टिकट लेकर दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से सीमांचल एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सवार हो गए। वहां पहले से ही पैंट्री कार के कर्मचारी कब्जा जमाए हुए थे और पैसे लेकर सीटें दे रहे थे।

    करीब एक घंटे तक खड़े रहने के बाद जब उन्होंने बैठने के लिए सीट मांगी, तो कर्मचारी कहासुनी पर उतर आए और मारपीट शुरू कर दी। पति के साथ मारपीट होती देख जब नुसरत प्रवीण उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव करने आईं, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

    पैंट्री कर्मचारियों ने अधिवक्ता अबू शमा का सिर फोड़ दिया। ट्रेन में ही एक गार्ड के दिखने पर जब उनसे शिकायत की गई, तो उन्होंने दंपती को जनरल बोगी के दरवाजे पर खड़े होने के लिए कह दिया।

    इसी दौरान ट्रेन में अबू शमा की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद नुसरत प्रवीण ने घर पर फोन कर अपने भाइयों को रिसीव करने के लिए बुला लिया। फारबिसगंज स्टेशन पर पीड़िता के भाई मोहम्मद बरकत अली और मोहम्मद रहमत अली पहुंचे।

    फारबिसगंज स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद जैसे ही ट्रेन चली, पैंट्री कार कर्मचारियों ने जबरदस्ती दोनों भाइयों को ट्रेन के अंदर खींच लिया और उनके साथ भी मारपीट करने लगे। स्टेशन से आगे बढ़ने पर जब मारपीट जारी रही, तो अन्य यात्रियों ने इसका विरोध किया और चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवा दिया।

    करीब 45 मिनट तक ट्रेन केजे 65 रेलवे फाटक फुलवरिया हाट के पास रुकी रही। इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के आने पर आरोपी पैंट्री कार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया जा सका।

    उत्तर प्रदेश के हैं पैंट्री कार कर्मचारी

    • गोपी (उम्र 23 वर्ष): पुत्र पूरनलाल, निवासी- बिलिया नारायणपुर, सुभाषनगर थाना क्षेत्र, जिला- बरेली, उत्तर प्रदेश।
    • गोविंद सिंह (उम्र 24 वर्ष): पुत्र विनोद सिंह, निवासी- रुद्रपुर गांव, माधवगढ़ थाना क्षेत्र, जिला- जालौन, उत्तर प्रदेश।
    • सुरेन्द्र कुमार (उम्र 34 वर्ष): पुत्र रामखिलाड़ी, निवासी- टुंडला बन्ना गांव, टुंडला थाना क्षेत्र, जिला- फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश।
    • सर्वेश कश्यप (उम्र 22 वर्ष): पुत्र प्यारेलाल, निवासी- लहरा गांव, सोरम थाना क्षेत्र, जिला- कासगंज, उत्तर प्रदेश।
    • अजीत कश्यप (उम्र 23 वर्ष): पुत्र प्रेम प्रकाश, निवासी- पंच विहार कॉलोनी, कुवारिशी थाना क्षेत्र, जिला- अलीगढ़, उत्तर प्रदेश।
    • राजकुमार (उम्र 28 वर्ष): पुत्र गेंदालाल, निवासी- टुंडला बन्ना गांव, टुंडला थाना क्षेत्र, जिला- फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश।

    जीआरपी और आरपीएफ इन सभी से पूछताछ कर रही है। आरपीएफ प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि मामले को लेकर केस (कांड) दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- सीमांचल का देश के बाजारों से हुआ सीधा संपर्क, नई रेललाइन से मक्का की पहली खेप पंजाब रवाना 

    यह भी पढ़ें- अररिया में जमीन विवाद में दबंगों का हमला, आंगन में सो रहे वृद्ध का रेता गला; घर में की आगजनी