Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांका में भजन समारोह के दौरान भोजपुरी गाने की फरमाइश पर बवाल, मारपीट और पथराव में 6 घायल

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 04:55 PM (IST)

    शंभुगंज के करसंडा गांव में स्वतंत्रता सेनानी के श्राद्धकर्म पर आयोजित भजन-कीर्तन में भोजपुरी गीत की फरमाइश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद म ...और पढ़ें

    HighLights

    1. भजन-कीर्तन में भोजपुरी गीत की फरमाइश पर विवाद।

    2. दो पक्षों में मारपीट और पथराव, छह लोग घायल।

    3. एक गंभीर घायल भागलपुर रेफर, क्षेत्र में तनाव।

    संवाद सहयोगी, शंभुगंज (बांका)। करसंडा गांव में स्वतंत्रता सेनानी के श्राद्धकर्म के समापन पर आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गीत गाने की फरमाइश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया।

    देखते ही देखते कहासुनी मारपीट और पथराव में बदल गई। करीब आधे घंटे तक चले बवाल में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

    गाने की फरमाइश पर हुआ विवाद

    करसंडा निवासी कारेलाल शर्मा ने बताया कि उनके पिता एवं स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय चंद्रदेव शर्मा के श्राद्धकर्म का समापन पर शनिवार शाम पूजा-अर्चना के बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया था।

    इसी दौरान विशनपुर निवासी धीरज कुमार अपने साले सूरज कुमार के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और कलाकारों से भोजपुरी गीत गाने की मांग करने लगे।

    विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को वहां से हटाकर मामला शांत करा दिया।

    दोबारा पहुंचकर की तोड़फोड़

    आरोप है कि कुछ देर बाद धीरज कुमार अपने आधा दर्जन समर्थकों के साथ कार से दोबारा पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे। इस दौरान एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

    ग्रामीणों और पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति पर काबू पाया गया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सक डा. शैलेंद्र रजक ने गंभीर रूप से घायल कारेलाल शर्मा को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

    यह भी पढ़ें- कटिहार में बिना शटडाउन खंभे पर चढ़ाने से मिस्त्री की मौत, घर से ले जाने वाले 3 लाइनमैन मोबाइल बंद कर फरार

    खबरें और भी